कांग्रेस के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष
राहुल गांधी
इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। गुरुवार को शिकागो यूनिवर्सिटी में एक संवाद के दौरान राहुल गांधी ने एक पाकिस्तान युवक को बेहद रोचक जवाब दिया। पाकिस्तानी युवक ने पूछा था कि क्या दोनों देशों के बीच बातचीत हो सकती है? इस पर राहुल गांधी ने कहा कि पाकिस्तान भारत में आतंकवाद फैलाता है और उसका समर्थन करता है, इस स्थिति में बातचीत असंभव है। उन्होंने यह भी कहा कि जैसे ही पाकिस्तान ये सब करना बंद कर देगा तो जरूर बात हो सकती है। अब राहुल गांधी की यह बातचीत वायरल हो गई है।
अमेरिका और ईरान के युद्ध में पाकिस्तान की भूमिका पर बात करते हुए राहुल गांधी ने यह भी कहा कि भारत को वैश्विक मामलों में और सक्रिय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले में जहां पाकिस्तान बातचीत कर रहा था वहीं भारत सिर्फ 'साइड प्लेयर' बन गया था। राहुल गांधी ने इसी के बहाने
नरेंद्र मोदी
सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए।
यह भी पढ़ें: मौत से बड़ा खौफ महंगा इलाज, कैंसर और गरीबी के बीच पिसते भारत के परिवार
क्या बोले राहुल गांधी?
शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों से संवाद के दौरान एक पाकिस्तानी छात्र ने राहुल गांधी से कहा, 'मैं पाकिस्तान से हूं। जिस तरह से आपने मौजूदा संघर्ष के दौरान पाकिस्तान की भूमिका और भारत के बारे में बात की वह मुझे बहुत अच्छा लगा। क्या आपको लगता है कि भारत और पाकिस्तान दोषारोपण से आगे बढ़कर एक-दूसरे के हित के लिए साथ काम कर सकते हैं ताकि बाहरी ताकतें हमारी परिस्थितियों का फायदा ना उठा सकें?'
यह भी पढ़ें: 'भारत आर्थिक संकट की ओर...', अमेरिका में राहुल गांधी ने बेरोजगारी पर उठाए सवाल
इस पर राहुल गांधी ने कहा, 'देखिए बातचीत की जगह तो है लेकिन एक बहुत बड़ी समस्या है। यह समस्या है कि पाकिस्तान हमारे देश में आतंकवाद का समर्थन करता है और उसे प्रोत्साहित करता है। ऐसे में यह असंभव है कि एक तरफ हमारे निर्दोष लोग मारे जा रहे हों और हम पाकिस्तान से बातचीत की बात स्वीकार करें। जैसे ही ये सब खत्म हो जाएगा तो बातचीत हो सकती है।'
दुनिया में हो रही घटनाओं और वैश्विक सुरक्षा पर राहुल गांधी ने कहा कि अगला ग्लोबल आर्किटेक्टर सिर्फ पश्चिम की ओर से नहीं तय होना चाहिए बल्कि इसमें अलग-अलग ताकतों और सभ्यताओं को भी जगह मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इसमें अमेरिका, चीन, भारत, मिडिल ईस्ट और रूस सभी को जगह मिलनी चाहिए।