पाकिस्तान के रावलपिंडी से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पाकिस्तानी न्यूज एंकर राबिया अहसान की उनके ही घर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार को उनका शव घर के बेडरूम में खून से लथपथ हालत में मिला। इस मामले में पुलिस ने उनके पति अहसान ताहिर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए जाने वाले हथियार को भी जब्त कर लिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और मौके पर पुलिस के कई जवान तैनात हैं।
इस घटना की सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर सामने आई एफआईआर की कॉपी के मुताबिक, राबिया की हत्या रविवार दोपहर करीब 3 बजे उनके बेडरूम में की गई। घटना के समय उनकी मां और बहन भी घर में मौजूद थीं। दोनों घर के लॉन में बैठी थीं, तभी अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
यह भी पढ़ें: 'मोदी बताएं बेरोजगारी-महंगाई कब खत्म होगी', PM पर भड़के तेजस्वी यादव
पति ने की हत्या
घर में गोली चलने की आवाज सुनकर राबिया की बहन अलविना तुरंत बेडरूम की ओर दौड़ीं। वहां पहुंचकर उन्होंने जो देखा, उससे उनके होश उड़ गए। राबिया जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थीं और उनके पति अहसान ताहिर के हाथ में पिस्तौल थी। इसके बाद परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पति ने कबूल किया जुर्म
पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, राबिया के पति अहसान ताहिर ने पुलिस के सामने उनकी हत्या करने की बात कबूल कर ली है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह को लेकर अभी तक पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस इस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। अधिकारियों ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से बरामद पिस्तौल को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसी हथियार से राबिया को गोली मारी गई थी या नहीं।
यह भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट पर अदनान सामी से बदसलूकी, 'प्रणाम' सर्विस से खफा हो गए
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद शव की शुरुआती जांच की गई। इस दौरान राबिया के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले। शुरुआती जांच में उनकी गर्दन के नीचे और पीठ के दाईं ओर गोली लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। एफआईआर में दर्ज जानकारी और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने की कोशिश की जा रही है।