यमन के हूती विद्रोही और सऊदी अरब के बीच जंग बढ़ती जा रही है। शनिवार को पहली बार राजधानी रियाद में हमले का अलर्ट जारी किया गया। कुछ समय बाद रियाद एयरपोर्ट के पास धुएं का बड़ा गुबार उठते दिखा। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एयरपोर्ट के बाहर का दृश्य है। टर्मिनल की तरफ जाने वाली सड़के ठीक सामने धुएं का विशाल गुबार उठता दिख रहा है। कुछ लोगों ने धमाकों की आवाज भी सुनी है।
फ्लाइटराडार24 वेबसाइट ने रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल और देरी समेत कई समस्याओं की सूचना दी। कुछ लोगों राजधानी रियाद में धमाकों की आवाज सुनने का भी दावा किया। शुक्रवार पूरी रात सऊदी प्रशासन ने राजधानी रियाद समेत कई शहरों में हूती हमलों का अलर्ट जारी किया। दूसरी तरफ यमन की राजधानी सना में भी हूतियों के ठिकानों पर भीषण बमबारी की खबर है।
यह भी पढ़ें: CNN से Politico तक, मीडिया को बैन करने पर क्यों तुले हैं डोनाल्ड ट्रंप?
अरामको के तेल टैंकर पर लगी आग
बाद में न्यूज एजेंसी एएफपी से जुड़े एक पत्रकार ने बताया कि रियाद एयरपोर्ट के पास अरामको के एक तेल टैंक पर आग लगने से धुआं उठा है। दमकलकर्मी आग बुझाने में जुटे हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि आग लगने की वजह हमला था या कुछ और। यमन के हूती विद्रोही पिछले 10 से अधिक समय से सऊदी अरब के आभा, खमीस मुशैत, जाजान और नजरां जैसे शहरों को निशाना बना रहे हैं। सैन्य और तेल से जुड़े बुनियादी ढांचा विद्रोहियों के रडार पर है।
बढ़ते हमलों से पाकिस्तान दुविधा में फंसा
सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों ने पाकिस्तान को चिंता में डाल दिया है। पाकिस्तान पर जंग में शामिल होने का दबाव बढ़ रहा है। हालांकि पाकिस्तान का राजनैतिक-सैन्य नेतृत्व ऐसा करने का बिल्कुल भी इच्छुक नहीं है। ईरान की समाचार एजेंसी आईआरएनए की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से फोन पर क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत की।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में मस्जिद में बड़ा धमाका, 16 लोगों की मौत; 50 से ज्यादा घायल
उधर, संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि आसिम इफ्तिखार अहमद ने सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमले की निंदा की। पाकिस्तान ने विद्रोहियों से तुरंत हमला रोकने का अनुरोध किया। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तान ईरान के माध्यम से हूती विद्रोहियों पर हमले रोकने का दबाव डाल रहा है।