प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
शनिवार को दो देशों की यात्रा के पहले चरण में उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उज्बेक राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव के साथ PM मोदी द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी की उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है।
ताशकंद में PM मोदी और मिर्जियोयेव के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। इसमें व्यापार और निवेश, रक्षा, डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा और शिक्षा जैसे कई मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा होगी। दोनों नेता भारत और उज्बेकिस्तान के बीच आगे की साझेदारी को मजबूत करने का रोडमैप भी तैयार करेंगे।
यह भी पढ़ें: चीनी सेना में गड़बड़ी! जिनपिंग ने टॉप जनरल को हटाया; भारत से क्या है कनेक्शन?
यात्रा पर रवाना होने से पहले PM मोदी ने क्या कहा?
यात्रा पर रवाना होने से पहले PM मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान के बीच रणनीतिक साझेदारी में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि मिर्जियोयेव के साथ बातचीत में व्यापार, निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर विचार होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश विकसित भारत और यांगी उज्बेकिस्तान के साक्षा विजन को आगे बढ़ाने के लिए भी काम करेंगे। यांगी उज्बेकिस्तान का मतलब नया उज्बेकिस्तान है।
शास्त्री स्मारक और गांधी केंद्र जाएंगे PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ताशकंद में शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में स्थित महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी करेंगे। इन स्थलों की यात्रा भारत और उज्बेकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक और लोगों के बीच संबंधों को दर्शाती है। इसके बाद PM मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे। किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर वह SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन SCO के 25 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 2478 लापता, 586 मौतें, 320 भारतीय भी संपर्क से बाहर, अब नेपाल का हाल क्या है?
यांगी उज्बेकिस्तान पार्क में दी श्रद्धांजलि
ताशकंद पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने यांगी उज्बेकिस्तान पार्क में पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव भी उनके साथ मौजूद रहे। आपको बता दें कि यांगी उज्बेकिस्तान पार्क उज्बेकिस्तान के बड़े सार्वजनिक पार्कों में शामिल है। इसे 31 अगस्त 2021 को देश की आजादी की 30वीं वर्षगांठ के अवसर पर खोला गया था।