ब्रिटेन की राजधानी लंदन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। लंदन के हेज इलाके में 24 साल की एक सिख महिला किरनदीप कौर की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और पीड़ितों को अस्पताल लेकर गई। पुलिस ने इस मामले में 44 साल के डेनियल सीन जेम्स को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या और हत्या की कोशिश समेत कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव है और लोग सुरक्षा को लेकर सवाल कर रहे हैं।
ब्रिटेन की पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह वेस्ट लंदन के हेज स्थित उक्सब्रिज रोड पर स्थित एक मकान में हुई। रविवार सुबह करीब 7 बजकर 55 मिनट पर पुलिस और लंदन एंबुलेंस सेवा को चाकूबाजी की इस घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने देखा कि किरनदीप कौर को चाकू मारा गया है और उसकी हालत गंभीर है।
यह भी पढ़ें: देश में 2024 में 2.5 करोड़ बच्चों का जन्म, यह रिकॉर्ड सरकार के किस काम आता है?
इलाज के दौरान मौत
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने एंबुलेंस में बिठाकर किरनदीप कौर को अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसकी हालत बहुत ज्यादा खराब हो चुकी थी। एंबुलेंस में ले जाने से पहले ही वह मर चुकी थी और डॉक्टरों ने अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया। किरनदीप के साथ-साथ 20 साल का एक युवक भी इस हमले में घायल हुआ है, जिसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने 44 साल के डेनियल सीन जेम्स को गिरफ्तार किया। आरोपी पर हत्या, हत्या के प्रयास और धारदार हथियार रखने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तारी के समय आरोपी भी घायल था और उसे इलाज के बाद पुलिस हिरासत में लिया गया। बाद में उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसके खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए गए।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह एक अलग-थलग घटना प्रतीत हो रही है। फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि इस घटना से आम लोगों के लिए कोई खतरा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।
पंजाब से थीं किरनदीप कौर
रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका किरनदीप कौर मूल रूप से भारत के पंजाब राज्य के तरनतारन जिले के पिड्डी गांव से जुड़ी थीं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में बताया गया है कि वह ब्रिटेन में रह रही थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पंजाब स्थित उनके परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने भारत सरकार और पंजाब सरकार से मृतका का पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद की मांग की है, ताकि अंतिम संस्कार पैतृक गांव में किया जा सके।
यह भी पढ़ें: मॉनसून ने मारी ब्रेक, उमस भरी गर्मी कर रही परेशान, कब शुरू होगा बारिश का दौर?
क्या सिखों के खिलाफ नफरत का नतीजा?
अभी तक पुलिस ने इस बारे में जानकारी नहीं दी है कि इस घटना में आरोपी का मकसद क्या था। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने तक घटना के कारणों या संभावित मकसद को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। हालांकि, सिख समुदाय को आशंका है कि यह घटना सिखों के खिलाफ नफरत का नतीजा हो सकती है।