अमेरिका ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) पर बड़ा हमला किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने नाइजीरिया में ISIS के खिलाफ एक 'शक्तिशाली और घातक' हमला किया है। इससे पहले उन्होंने नाइजीरियाई सरकार पर ईसाइयों के उत्पीड़न को रोकने में नाकाम रहे हैं।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल में लिखा, 'आज रात मेरे निर्देश पर अमेरिका ने उत्तर-पश्चिमी नाइजीरिया में ISIS आतंकियों के खिलाफ एक शक्तिशाली और घातक हमला किया, जो मासूम ईसाइयों को निशाना बना रहे थे और बेरहमी से मार रहे थे।'
नाइजीरिया में हाल के समय में धार्मिक हमले बढ़े हैं। वहां की 22 करोड़ आबादी ईसाइयों और मुसलमानों के बीच बंटी है। नाइजीरिया में बोको हरम जैसे कई आतंकी संगठन हैं, जो खतरा बने हुए हैं। आतंकी संगठन सिर्फ ईसाइयों को ही निशाना नहीं बनाता, बल्कि उन मुसलमानों को भी निशाना बनाता है जिन्हें वह मुसलमान नहीं मानता।
यह भी पढ़ें-- गद्दी छोड़ Vs तेल चोर: ट्रंप की आक्रामकता के खिलाफ वेनेजुएला के साथ कौन-कौन?
ट्रंप बोले- कत्लेआम नहीं रोका तो...
ट्रंप ने पिछले महीने नाइजीरिया में कथित ईसाई उत्पीड़न को रोकने के लिए पेंटागन को सैन्य कार्रवाई की योजना बनाने का आदेश दिया था। अमेरिका ने हाल ही में नाइजीरिया को 'कंट्री ऑफ पर्टिकुलर कंसर्न' घोषित किया है।
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'मैंने पहले ही इन आतंकवादियों को चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने ईसाइयों का कत्लेआम बंद नहीं किया तो उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी और आज रात ऐसा ही हुआ।'

उन्होंने लिखा, 'वॉर डिपार्टमेंट ने कई सटीक हमले किए जैसा कि सिर्फ अमेरिका ही कर सकता है। हमारा देश कट्टरपंथी इस्लामी आतंकवाद को पनपने नहीं देगा। ईश्वर हमारी सेना को आशीर्वाद दे और सभी को मेरी क्रिसमस, जिसमें मरे हुए आतंकवादी भी शामिल हैं। अगर वे ईसाइयों का कत्लेआम जारी रखते हैं तो ऐसे और भी बहुत से आतंकवादी मारे जाएंगे।'
यह भी पढ़ें-- तुर्की की उस मीटिंग में क्या हुआ? जिसके बाद क्रैश हुआ लीबिया का सैन्य विमान
कितने आतंकी मारे गए?
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने जो हमला किया है, वैसा सदियों में भी नहीं देखा गया था। हालांकि, ट्रंप की पोस्ट में इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी कि हमला कैसे किया गया और इसमें कितने आंतकी मारे गए।
हालांकि, यूएस अफ्रीका कमांड ने X पर पोस्ट कर बताया कि नाइजीरिया अधिकारियों के अनुरोध पर सोबोटो राज्य में एक हमला किया, जिसमें कई ISIS आतंकी मारे गए हैं।
पोस्ट में आगे लिखा गया, 'ISIS के खिलाफ घातक हमले हमारी सेना की ताकत और विदेश में अमेरिकियों के खिलाफ खतरों को खत्म करने की हमारे कमिटमेंट को दिखाते हैं।'
वहीं, नाइजीरिया की सरकार का कहना है कि सिर्फ ईसाई ही नहीं, बल्कि कई धर्मों के लोगों को चरमपंथी समूहों के हाथों हमलों का सामना करना पड़ा है।
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने गुरुवार रात को X पर पोस्ट किया, 'राष्ट्रपति ने पिछले महीने साफ कहा था कि नाइजीरिया और दूसरी जगहों पर मासूम ईसाइयों की हत्या बंद होनी चाहिए।'
उन्होंने कहा कि 'अमेरिकी सेना हमेशा तैयार है, जैसा कि ISIS को आज रात पता चला। और भी बहुत कुछ होने वाला है। नाइजीरियाई सरकार के समर्थन और सहयोग के लिए धन्यवाद। मेरी क्रिसमस।'