logo

ट्रेंडिंग:

'रूस को बर्बाद कर रहे पुतिन', ऐसा क्यों बोले डोनाल्ड ट्रंप?

अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर रूस को बर्बाद करने का आरोप लगाया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें यूक्रेन के साथ शांति समझौता करना चाहिए।

donald trump

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

अमेरिका के राष्ट्रपति बनते ही डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को लेकर बड़ा बयान दिया। एक ओर ट्रंप ने पुतिन को 'स्मार्ट' बताया तो दूसरी ओर ये भी कहा कि अगर यूक्रेन में जंग नहीं रोकी तो रूस 'बर्बाद' हो जाएगा। इसके साथ ही ट्रंप ने ये भी कहा कि वो पुतिन से मिलने के लिए किसी भी वक्त तैयार हैं।

रूस पर प्रतिबंध लगाएगा अमेरिका?

ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बहुत जल्द पुतिन से उनकी मुलाकात होगी। साथ ही ये भी चेतावनी दी कि यूक्रेन मुद्दे पर रूस बातचीत की टेबल पर नहीं आया तो रूस पर प्रतिबंध लगाए जाएंगे। व्हाइट हाउस में जब एक रिपोर्टर ने पूछा कि रूस बातचीत की मेज पर नहीं आया तो क्या अमेरिका और प्रतिबंध लगाएगा? जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, 'ऐसा हो सकता है।'

बाइडेन को फिर ठहराया जिम्मेदार 

ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध के लिए एक बार फिर पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, 'ये युद्ध कभी शुरू नहीं होना चाहिए था। अगर आपके पास सक्षम राष्ट्रपति होता, जो आपके पास नहीं था, तो युद्ध कभी शुरू नहीं होता। मैं अगर राष्ट्रपति होता तो ये युद्ध कभी नहीं होता।'


उन्होंने आगे कहा, 'रूस कभी यूक्रेन में जंग करने के लिए नहीं गया होता। मेरी पुतिन के साथ अच्छी समझ है। ऐसा कभी नहीं हुआ होता। उन्होंने बाइडेन का अपमान किया। वो लोगों का अपमान करते हैं। वो स्मार्ट हैं।'

 

ये भी पढ़ें-- BRICS देशों पर 100% टैरिफ लगाने की ट्रंप की धमकी, क्या होगा असर

'रूस को बर्बाद कर रहे पुतिन'

मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने पुतिन पर रूस को बर्बाद करने का इल्जाम भी लगाया। ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म करने का समझौता न करके पुतिन रूस को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा, 'उन्हें एक समझौता करना चाहिए। मुझे लगता है कि समझौता न करके वो रूस को बर्बाद कर रहे हैं। मुझे लगता है कि रूस बड़ी मुसीबत में पड़ने वाला है।'

'पुतिन जब चाहेंगे तब मिलूंगा'

ट्रंप ने पुतिन से मुलाकात को लेकर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'जब भी पुतिन चाहेंगे, मैं उनसे मिलूंगा। लाखों लोग मारे जा रहे हैं। ये एक भयावह स्थिति है। बहुत सारे लोग मारे गए हैं और शहर तबाह हो गए हैं।' उन्होंने दावा करते हुए कहा, 'यूक्रेन जो आंकड़े दे रहा है, उससे कहीं ज्यादा लोग जंग में मारे गए हैं। आप सही संख्या नहीं बता रहे हैं। मैं आपको दोषी नहीं ठहरा रहा हूं। हो सकता है कि हमारी सरकार ही न चाहती हो कि असली आंकड़े बाहर आएं।'

 

ये भी पढ़ें-- पनामा नहर और मेक्सिको की खाड़ी पर क्यों है ट्रंप की नजर?

क्या यूक्रेन को हथियार देगा अमेरिका?

उनसे जब पूछा गया कि क्या अमेरिका यूक्रेन को हथियार भेजना जारी रखेगा? तो उन्होंने कहा कि वो खुद इस मामले को देख रहे हैं। उन्होंने कहा, 'हम इस पर गौर करेंगे। हम यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमिर जेलेंस्की से बात कर रहे हैं। हम पुतिन से बात करने जा रहे हैं। हम देखेंगे कि ये सब कैसे होता है।'


उन्होंने कहा, 'उन्होंने (जेलेंस्की) मुझसे कहा है कि वो शांति चाहते हैं लेकिन इसके लिए दो लोगों की जरूरत होती है। जब भी वो (पुतिन) चाहेंगे, मैं उनसे मिलूंगा। लाखों लोग मारे जा रहे हैं। मैं इस युद्ध का अंत देखना चाहता हूं।'


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap