दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में बुधवार शाम कुछ सेकेंड में आए दो तेज भूकंपों ने भारी दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था, जबकि दूसरा 7.5 तीव्रता का था। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि राजधानी कराकास में कई इमारतों को नुकसान पहुंचा और कुछ जगहों पर तो बड़ी-बड़ी इमारतों के हिस्से गिर गए। लोग जान बचाने के लिए घरों, दफ्तरों और दूसरी इमारतों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए। सोशल मीडिया पर कुछ डरा देने वाली तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं। इस भयंकर हादसे में हजारों लोगों के मारे जाने की आशंका है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक पहला भूकंप 7.2 तीव्रता का था। इसका केंद्र वेनेजुएला के कैरेबियाई तटीय इलाके में स्थित मोरोन क्षेत्र के पश्चिम में था। यह राजधानी कराकास से करीब 168 किलोमीटर दूर बताया गया। पहले झटके के कुछ ही समय बाद दूसरा और ज्यादा शक्तिशाली भूकंप आया जो 7.5 की तीव्रता से आया। देश के गृह मंत्री ने लोगों से अपने घरों को खाली खरने की अपील की है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भूंकप का दूसरा झटका जमीन के अपेक्षाकृत कम गहराई वाले हिस्से में आया, जिसकी वजह से कई इलाकों में इसका असर ज्यादा महसूस किया गया। दोनों भूकंपों के बीच बहुत कम समय का अंतर होने के कारण लोगों को सुरक्षित जगह तक पहुंचने का भी ज्यादा मौका नहीं मिला।
इमारतें जमींदोज हुई
भयंकर तबाही
वेनेजुएला की राजधानी कराकास में कई इलाकों से इमारतों की दीवारें टूटने और ढांचे को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आईं। कुछ जगहों पर इमारतों के हिस्से गिरने से अंदर रखा सामान बाहर तक दिखाई देने लगा और सोशल मीडिया पर भी कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए। कई इलाकों में धूल के बड़े गुबार उठते देखे गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग खुले इलाकों में जमा हो गए हैं।
अलर्ट जारी
स्थानीय प्रशासन और एजेंसियों ने लोगों से सतर्क रहने और आफ्टरशॉक यानी बाद के झटकों की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है। राहत और बचाव कार्य को शुरू कर दिया गया है। इसको देखते हुए कई लोग अभी भी अपने घरों से दूर खुले इलाकों में रह रहे हैं ताकि अगर भूकंप के झटके आएं तो बचाव किया जा सके।
भूकंप के बाद कुछ समय के लिए समुद्री इलाकों को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया। सुनामी चेतावनी केंद्र की ओर से कैरेबियाई क्षेत्र के कुछ हिस्सों के लिए चेतावनी जारी की गई थी। डोमिनिकन रिपब्लिक और आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि, बाद में कुछ जगहों पर जारी अलर्ट को रद्द कर दिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वेनेजुएला में पिछले कई दशकों के सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक माना जा रहा है। शुरुआती घंटों में नुकसान और इस तबाही में हताहत होने वालों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हालांकि, इस हादसे में हजारों लोगों के हताहत होने की आशंका है। भूकंप के बाद लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। कई इलाकों में लोग देर रात तक खुले स्थानों पर मौजूद रहे क्योंकि उन्हें दोबारा झटके आने का डर बना हुआ था।