यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के मिसाइल भंडार को लेकर बड़ा दावा किया है। उनके मुताबिक, रूस के पास 600 से 630 तेज गति वाली बैलिस्टिक मिसाइलें मौजूद हैं। ये रूस के सबसे शक्तिशाली हथियारों में शामिल हैं। जेलेंस्की ने आशंका जताई कि सर्दियों से पहले रूस हर महीने 100 से ज्यादा नई बैलिस्टिक मिसाइलें बनाने की कोशिश कर सकता है। इससे आने वाले महीनों में यूक्रेन पर हमले बढ़ने का खतरा है।
जेलेंस्की के अनुसार, रूस की सालाना बैलिस्टिक मिसाइल उत्पादन क्षमता 1,300 मिसाइलों तक पहुंच सकती है। ऐसे में यूक्रेन के सामने एयर डिफेंस मजबूत करने की बड़ी चुनौती है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने पश्चिमी देशों से ज्यादा इंटरसेप्टर मिसाइलें और एयर डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराने की अपील की है। खास तौर पर यूक्रेन पैट्रियट मिसाइलों की मांग कर रहा है।
यह भी पढ़ें: दोबारा तैयार हुआ जैश का मुख्यालय, ऑपरेशन सिंदूर में हुआ था ध्वस्त
क्रूज मिसाइलों के खिलाफ मजबूत हुआ यूक्रेन
यूक्रेन के सरकारी मीडिया आउटलेट यूक्रिनफॉर्म के अनुसार, जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने रूसी क्रूज मिसाइलों को रोकने की क्षमता में सुधार किया है। यूक्रेनी सेना लड़ाकू विमानों के साथ IRIS-T और हॉक एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल कर रही है। इनकी मदद से कई क्रूज मिसाइलों को हवा में ही रोका गया है।
हालांकि, बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकना अब भी बड़ी चुनौती है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन की कोशिश रूस की मिसाइल क्षमता को बढ़ने से रोकने की है। उनका कहना है कि अगर रूस हर महीने बड़ी संख्या में मिसाइलों का उत्पादन करता है तो सर्दियों में यूक्रेन के लिए खतरा और बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: क्या इजरायल पर हमला करने की तैयारी में तुर्की, दोनों देशों में चल क्या रहा?
पैट्रियट मिसाइलों की बढ़ी मांग
रूस के लगातार हमलों के बीच यूक्रेन अपने पश्चिमी सहयोगियों से एयर डिफेंस सिस्टम और इंटरसेप्टर मिसाइलें मांग रहा है। जेलेंस्की ने बताया कि उन्होंने सर्दियों के लिए 300 पैट्रियट मिसाइल हासिल करने का लक्ष्य रखा था, जबकि यूक्रेनी वायुसेना ने 360 मिसाइलों की जरूरत बताई है। हालांकि, दुनिया में इंटरसेप्टर मिसाइलों का उत्पादन सीमित है। यही वजह है कि यूक्रेन के सामने जरूरत के मुताबिक मिसाइल हासिल करना चुनौती बना हुआ है।
फ्रांस-जर्मनी से मदद की उम्मीद
जेलेंस्की के मुताबिक, फ्रांस कम से कम एक SAMP/T एयर डिफेंस सिस्टम देने पर सहमत हुआ है। वहीं, जर्मनी से 2027-28 में करीब 600 PAC-2 और PAC-3 इंटरसेप्टर मिलने की उम्मीद है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी यूक्रेन को सैन्य सहायता बढ़ाने की बात कह चुके हैं। जेलेंस्की की चेतावनी ऐसे समय आई है, जब यूक्रेन को आशंका है कि सर्दियों में रूस ऊर्जा ढांचे समेत महत्वपूर्ण ठिकानों पर हमले तेज कर सकता है।