ईरान में महिला सिंगर के लिए कड़े नियम, 1979 से परस्तू अहमदी तक क्या बदला?
ईरान मे सिंगर परस्तू अहमदी और उनकी टीम को 74-74 कोड़े मारे जाने की घटना ने दुनिया भर का ध्यान खींचा है। जानिए एक दौर में बड़े मंचों और रेडियो पर राज करने वाली ईरानी महिला सिंगर के लिए 1979 की क्रांति के बाद नियम कैसे बदल गए?

ईरान की महिला गायिका, Photo Credit- Social media
ईरान से 23 नवंबर 2026 को आई एक खबर ने संगीत और मानवाधिकार संगठनों के सामने एक सवाल खड़ा कर दिया। ईरानी गायिका परस्तू अहमदी और उनकी प्रोडक्शन टीम के चार सदस्यों को 74-74 कोड़े मारने की सजा पर अमल कर दिया गया। उनके वकील मुस्तफा नीली के हवाले से सामने आई इस खबर की पुष्टि रॉयटर्स और द गार्जियन जैसी अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों में भी हुई है। परस्तू ने सिर्फ बिना हिजाब पहने, पुरुष संगीतकारों के साथ एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट में गाना गाया था।
आज ईरान में महिलाओं के सार्वजनिक रूप से अकेले गाने पर सख्त पाबंदियां हैं लेकिन देश का इतिहास हमेशा से ऐसा नहीं था। 1979 की इस्लामिक क्रांति से पहले ईरान में महिला सिंगर फिल्मों, रेडियो और बड़े सार्वजनिक मंचों का अहम हिस्सा थीं। यह पूरी कहानी सिर्फ एक सजा की नहीं बल्कि पिछले चार दशकों में ईरान की राजनीति, धर्म, कानून और महिलाओं के संघर्ष की है।
यह भी पढ़ें: चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री, क्यों खास है यह मिशन?
परस्तू अहमदी मामले में हुआ क्या था?
इस पूरे विवाद की शुरुआत दिसंबर 2024 में हुई थी जब परस्तू अहमदी का एक लाइव कॉन्सर्ट वीडियो यूट्यूब पर सामने आया। यह कार्यक्रम ईरान के क़ोम शहर के पास एक ऐतिहासिक कारवांसराय में रिकॉर्ड किया गया था। इस वीडियो की खास बात यह थी कि वहां कोई दर्शक मौजूद नहीं था लेकिन परस्तू ने बिना हिजाब के गाना गाया और उनके साथ पुरुष संगीतकार भी शामिल रहे।
वीडियो के लाखों बार देखे जाने के बाद ईरानी प्रशासन हरकत में आया। फिर दिसंबर 2024 में उन्हें कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया। मामला कोर्ट पहुंचा। इसके बाद जून 2026 में क़ोम की एक आपराधिक अदालत ने परस्तू और उनके सहयोगियों को दोषी करार दिया। अदालत ने उन्हें 74 कोड़ों के साथ-साथ दो साल तक किसी भी ऐसे इंवेट का हिस्सा न बनने और देश छोड़ने पर प्रतिबंध की सजा सुनाई। 29 सितंबर 2026 को अपील अदालत ने भी इस सजा को बरकरार रखा। इसके बाद 23 नवंबर 2026 को कोड़े मारने की सजा को अंजाम दिया गया।
पत्रकारिता और कानून के नजरिए से इस मामले को केवल 'बिना हिजाब गाने' की सजा कहना गलत होगा। कोर्ट ने अपने फैसले में परस्तू की ऑनलाइन कंटेट को 'अश्लील और अनैतिक' मानते हुए सार्वजनिक शालीनता को ठेस पहुंचाने का दोषी ठहराया था। इसमें बिना हिजाब के प्रदर्शन और पुरुष संगीतकारों के साथ मंच साझा करना दोनों शामिल थे।
1979 से पहले का दौर क्या था?
1979 की क्रांति से पहले ईरान के संगीत और मनोरंजन जगत में महिलाओं की मौजूदगी बेहद स्वाभाविक थी। उनकी आवाज सिर्फ घरों या निजी प्रोग्राम तक सीमित नहीं थी बल्कि रेडियो और रिकॉर्डिंग के जरिए हर घर तक पहुंचती थी। ईरान की शुरुआती दिग्गज गायिकाओं में शुमार क़मर-ओल-मोलूक वज़ीरी ने 1924 में तेहरान के ग्रैंड होटल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान बिना पर्दे के गाना गाया था। फारसी संगीत के इतिहास में इसे एक मील का पत्थर माना जाता है। वह रेडियो तेहरान के कार्यक्रमों की भी प्रमुख आवाज रहीं।
1960 और 1970 के दशक में गूगूश (Googoosh) ईरान की सबसे लोकप्रिय पॉप गायिका और ऐक्ट्रेस थीं। उनके कॉन्सर्ट और फिल्मों में महिलाओं की सार्वजनिक भागीदारी उस दौर के खुले माहौल को दिखाती है। क़मर और गूगूश के अलावा रूहांगिज और मोलूक जर्राबी जैसी गायिकाओं ने भी अपने गानों से आम लोगों के बीच खास जगह बनाई। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि 1979 से पहले ईरानी समाज में महिलाओं पर कोई सामाजिक या धार्मिक दबाव नहीं था लेकिन संगीत और कला के क्षेत्र में उन्हें जो सार्वजनिक मंच हासिल थे, वे आज की व्यवस्था से बिल्कुल अलग थे।
यह भी पढ़ें: अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA और ODNI के सिस्टम पर साइबर अटैक
1979 की इस्लामिक क्रांति के बाद क्या बदला?
1979 में अयातुल्ला रुहोल्लाह खुमैनी के नेतृत्व में हुई इस्लामिक क्रांति ने ईरान की राजनीतिक और सामाजिक तस्वीर पूरी तरह बदल दी। शुरुआती दौर में धार्मिक नेतृत्व ने संगीत को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाया। जुलाई 1979 में खुमैनी ने रेडियो और टेलीविजन पर गानों के टेलीकास्ट पर रोक लगाने की बात कही और खासतौर पर वेस्टर्न म्यूजिक व महिला सिंगर पर कड़ी आपत्ति जताई गई।
1989 में खुमैनी के निधन और ईरान-इराक युद्ध खत्म होने के बाद राष्ट्रपति हाशमी रफसंजानी के कार्यकाल में सांस्कृतिक नीतियों में थोड़ी नरमी जरूर आई। सरकारी अनुमति के साथ म्यूजिकल प्रोग्राम की वापसी हुई और महिलाएं शास्त्रीय फारसी संगीत की शिक्षा लेती रहीं लेकिन महिलाओं के सार्वजनिक रूप से अकेले गाने पर लगी रोक कभी नहीं हटी।
कानून क्या कहता है और आज क्या हैं पाबंदियां?
अक्सर यह मान लिया जाता है कि ईरान में महिलाओं के गाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है लेकिन हकीकत थोड़ी अलग है। ईरान के कानून में सीधे तौर पर ऐसा कोई एक अनुच्छेद नहीं लिखा है जो महिलाओं के गाने को पूरी तरह अवैध घोषित करता हो। इसके बजाय, यह पाबंदी धार्मिक व्याख्याओं, संस्कृति मंत्रालय की लाइसेंस व्यवस्था और प्रशासनिक सख्ती से चलती है।
वहीं, सार्वजनिक जगहों पर पहनावे और नैतिकता से जुड़े मामलों में ईरान के इस्लामिक पीनल कोड का आर्टिकल 638 लागू होता है। इसके तहत सार्वजनिक जगह पर हराम माने जाने वाले काम करने या बिना हिजाब के दिखाई देने पर 74 कोड़ों तक की सजा का प्रावधान है।
आज ईरान में महिला गायिकाएं कब और कहां गा सकती हैं?
|
परिस्थिति |
ईरान में मौजूदा स्थिति |
|
महिलाओं और पुरुषों की मिली-जुली भीड़ के सामने अकेले गाना |
पूरी तरह प्रतिबंधित |
|
सिर्फ महिला दर्शकों के सामने अकेले गाना |
सरकारी अनुमति प्राप्त निजी या तय कार्यक्रमों में संभव |
|
समूह गायन (Choir) में हिस्सा लेना |
कुछ खास शर्तों और नियमों के तहत संभव |
|
संगीत की शिक्षा लेना |
संभव (कई महिलाएं शास्त्रीय संगीत सीखती हैं) |
|
ऑनलाइन या सोशल मीडिया पर अकेले गाना |
कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का बड़ा जोखिम |
|
विदेश जाकर प्रदर्शन करना |
ईरान के घरेलू मंच से जुड़े नियम वहां लागू नहीं होते |
यह भी पढ़ें: UAE में बस-ट्रक की भीषण टक्कर में 13 की मौत, कई भारतीयों की भी गई जान
2022 का आंदोलन और सोशल मीडिया पर बगावत
सितंबर 2022 में 22 साल की महसा अमीनी की पुलिस हिरासत में मौत के बाद ईरान में 'महिला, जीवन, आजादी' (Woman, Life, Freedom) आंदोलन भड़क उठा। हिजाब और व्यक्तिगत आजादी के लिए शुरू हुए इस विरोध ने म्यूजिक इंडस्ट्री को भी नया रूप दिया। भले ही देश के भीतर मंचों पर उनके लिए दरवाजे बंद रहे लेकिन इंटरनेट के जरिए महिला गायिकाओं ने अपनी आवाज दुनिया तक पहुंचानी शुरू कर दी। परस्तू अहमदी का यूट्यूब कॉन्सर्ट इसी डिजिटल प्रतिरोध की एक कड़ी था। इस पर हुई कड़ी कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि ईरान अपनी कट्टर इस्लामिक छवि को बदलने के मूड में नहीं है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




