ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने के लिए जून 2025 में इजरायल और अमेरिका ने उसके प्रमुख ठिकानों पर बड़े हमले किए थे। इन हमलों से ठीक पहले ईरान के पास 60 फीसदी तक उन्नत 440.9 किलो यूरेनियम का भंडार जमा हो चुका था। इन हमलों के एक साल से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) को इस यूरेनियम का पूरा हिसाब नहीं मिल पाया है।
यहां एक बेहद जरूरी बात समझनी होगी कि 440.9 किलो का यह आंकड़ा 13 जून 2025 तक का पुराना अनुमान है न कि नवंबर 2026 का मौजूदा स्टॉक। हमलों के बाद से ईरान में अंतरराष्ट्रीय जांच का काम ठप पड़ा है। इसकी वजह से दुनिया को यह नहीं पता कि उस यूरेनियम का कितना हिस्सा बचा है और वह इस वक्त किस ठिकाने पर रखा है।
यह भी पढ़ें: चेक रिपब्लिक में सरकार के खिलाफ लाखों लोग सड़कों पर क्यों उतरे?
यूरेनियम का पूरा हिसाब
IAEA की 11 सितंबर 2025 को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, 13 जून 2025 तक ईरान के पास कुल 9,874.9 किलो संवर्धित यूरेनियम था। इसमें एक तकनीकी फर्क यह है कि इस कुल भंडार में से 9,040.5 किलो यूरेनियम हेक्साफ्लोराइड नाम की खास गैस के रूप में था जबकि बाकी 834.4 किलो दूसरे केमिकल रूपों में मौजूद था। इसलिए इन दोनों आंकड़ों को एक नहीं समझना चाहिए। गैस के रूप में मौजूद भंडार में से 2,391.1 किलो यूरेनियम 2% तक, 6,024.4 किलो 5% तक, 184.1 किलो 20% तक और 440.9 किलो 60% तक संवर्धित था। चूंकि इसके बाद जांच रुक गई, इसलिए मौजूदा भंडार का कोई आधार नहीं है।
आम लोगों के लिए यह समझना भी जरूरी है कि यूरेनियम के संवर्धन और इसके अलग-अलग स्तरों का क्या मतलब होता है। प्राकृतिक यूरेनियम में मुख्य रूप से यूरेनियम-235 और यूरेनियम-238 नाम के दो हिस्से होते हैं और इनमें यूरेनियम-235 की मात्रा बढ़ाने की प्रक्रिया को ही संवर्धन या सक्रिय कहा जाता है। बिजली बनाने वाले परमाणु रिएक्टरों के ईंधन के लिए 3 से 5 % संवर्धन काफी होता है जबकि 20 % को ऊंचा स्तर माना जाता है।
60 % संवर्धन हथियार बनाने के लिहाज से बेहद संवेदनशील स्तर है और करीब 90 % को हथियार-ग्रेड यूरेनियम कहा जाता है। 60 से 90 % तक जाने का फासला सिर्फ 30 अंकों का नहीं है, क्योंकि 60 % तक पहुंचने में ही यूरेनियम-235 को अलग करने का सबसे बड़ा काम पूरा हो चुका होता है। इसलिए वहां से 90 % तक पहुंचने में शुरुआती चरणों के मुकाबले काफी कम मेहनत लगती है।
जून 2025 के हमलों में क्या बर्बाद हुआ?
13 जून 2025 को इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले शुरू किए और इसके कुछ दिन बाद 22 जून को अमेरिका ने भी नतांज, फोर्दो और इस्फहान में ईरान के तीन प्रमुख परमाणु केंद्रों को निशाना बनाया। इन हमलों में ईरान के परमाणु ढांचे को नुकसान जरूर पहुंचा लेकिन वहां रखा यूरेनियम का भंडार का क्या हुआ इस बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।
IAEA की फरवरी 2026 की रिपोर्ट बताती है कि हमलों के शुरू होते ही एजेंसी ने ईरान में अपनी जांच गतिविधियां रोक दी थीं। सुरक्षा कारणों से जून 2025 के आखिर तक एजेंसी ने अपने सभी जांच अधिकारियों को ईरान से वापस बुला लिया था। इसके ठीक बाद 2 जुलाई 2025 को ईरान के राष्ट्रपति ने एक कानून लागू कर एजेंसी के साथ सहयोग को सस्पेंड कर दिया।
निगरानी क्यों जरूरी है?
IAEA के प्रमुख राफेल ग्रॉसी पहले यह संकेत दे चुके हैं कि ईरान के 60 % संवर्धित यूरेनियम का एक बड़ा हिस्सा इस्फहान के अंडरग्राउंड सुरंग में रखा हो सकता है। नवंबर 2026 में सामने आई खबरों में भी इस्फहान के इस सुरंग नेटवर्क को बेहद अहम बताया गया है। इसके बावजूद इस बात की कोई पुष्टि नहीं है कि उन सुरंगों में कितना यूरेनियम मौजूद है या क्या पूरा भंडार एक ही जगह रखा गया था।
परमाणु निरीक्षक किसी भी देश के ठिकानों पर जाकर मशीनों की जांच करते हैं, डॉक्यूमेंट को मिलाते हैं और परमाणु सामग्री को मापकर यह पक्का करते हैं कि ईंधन का इस्तेमाल छिपा कर हथियार बनाने में न किया जा रहा हो। 13 नवंबर 2026 की ताजा रिपोर्टिंग में IAEA ने फिर से चिंता जताई है कि वह ईरान के मौजूदा भंडार और उसके ठिकाने की स्वतंत्र पुष्टि नहीं कर पा रही है क्योंकि ईरान ने प्रभावित ठिकानों पर इनको लौटने की इजाजत नहीं दी है। एजेंसी को तो यह भी नहीं पता कि जून 2025 में ईरान द्वारा घोषित किए गए इस्फहान ईंधन संवर्धन संयंत्र की सटीक जगह क्या है, उसकी मौजूदा हालत कैसी है और वहां कोई परमाणु सामग्री है भी या नहीं।
यह भी पढ़ें: ट्रंप, जिनपिंग और पुतिन की बैठक, यूक्रेन से जापान तक डरे क्यों हैं?
अमेरिका और ईरान की बातचीत में सबसे बड़ा पेंच
भविष्य में जब भी अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु कार्यक्रम को लेकर कोई बातचीत या समझौता होगा, तो उसमें सिर्फ आगे यूरेनियम संवर्धन रोकने की शर्त काफी नहीं होगी। किसी भी ठोस समझौते के लिए तीन बड़े सवालों का जवाब तय करना जरूरी होगा। पहला सवाल यह है कि ईरान के पास पहले से मौजूद साठ फीसदी संवर्धित यूरेनियम का क्या होगा। दूसरा सवाल यह है कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षकों को प्रभावित ठिकानों तक जाने और सामग्री की जांच करने का अधिकार दोबारा कैसे मिलेगा। तीसरा और सबसे अहम सवाल पुराने भंडार के हिसाब का है।