शाकिब के घर पर हमला, भारत पर भड़का बांग्लादेश, शेख हसीना के भाषण का दिखा असर
भारत की राजधानी दिल्ली से शेख हसीना ने मीडिया को संबोधित किया। अब इस पर बांग्लादेश ने सख्त एतराज जताया है और इसे दोनों देशों के रिश्तों पर असर डालने वाला बताया है।

शाकिब अल हसन, शेख हसीना और सजीब वाजिद जॉय, Photo Credit: ChatGPT
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बुधवार को भारत की राजधानी दिल्ली से मीडिया को संबोधित किया। बांग्लादेश छोड़ने के ठीक दो साल बाद हुए इस घटनाक्रम ने खलबली मचा दी है। इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ बांग्लादेश की क्रिकेट टीम के पूर्व कताब शाकिब अल-हसन भी शामिल हुए। इसका नतीजा यह हुआ कि कुछ देर बाद ही बांग्लादेश में शाकिब के घर पर पेट्रोल बम से हमला किया गया। अब बांग्लादेश ने एक आधिकारिक बयान जारी करके कहा है कि तमाम चिंताएं जाहिर करने के बावजूद भारत ने अपनी धरती का इस्तेमाल इस तरह की बयानबाजी के लिए होने दिया। बांग्लादेश का कहना है कि यह दोनों देशों के रिश्तों के हित में नहीं है। इससे पहले ही भारत ने कहा था कि यह कार्यक्रम एक निजी संस्था की ओर से आयोजित है और भारत सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं है।
5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश छोड़ने के बाद से ही शेख हसीना भारत में हैं। हालांकि, इन दो साल में वह कभी भी सार्वजनिक तौर पर सामने नहीं आईं। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में भी सिर्फ उनकी आवाज ही आ रही थी और उन्हें देखा नहीं जा सकता था। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शेख हसीना के अलावा उनके बेटे सजीब वाजिद जॉय और क्रिकेटर शाकिब अल हसन के अलावा अवामी लीग के कई नेता भी शामिल हुए। शेख हसीना ने भारत की तारीफ करते हुए कहा कि भारत हमेशा बांग्लादेश के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने कहा है कि वह बांग्लादेश को सही रास्ते पर लाने के लिए दिसंबर में अपने देश लौटने के संकल्पित हैं चाहे उन्हें गिरफ्तार किया जाए या फिर मौत दे दी जाए।
यह भी पढ़ें: 'फांसी की सजा मुझे डरा नहीं सकती', प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलीं शेख हसीना
बांग्लादेश ने क्या प्रतिक्रिया दी?
शेख हसीना के संबोधन से पहले ही भारत से स्पष्टीकरण मांग रहे बांग्लादेश ने अब तीखी प्रतिक्रिया दी है। शेख हसीना को दोषी साबित अपराधी, हत्यारी और नरसंहार करने वाले करार देते हुए बांग्लादेश ने भारत पर भी निशाना साधा है। एक प्रेस रिलीज में बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा है, 'बांग्लादेश ने भारत सरकार को अपनी चिंताएं बताई थीं और आगाह किया था कि इस इवेंट का असर द्विपक्षीय रिश्तों पर पड़ेगा। हमें दुख है कि इसके बावजूद ऐसे कार्यक्रम को होने दिया गया। बांग्लादेश इस बात पर आक्रोशित है कि नरसंहार के लिए दोषी और भगोड़ी शेख हसीना को दिल्ली में मीडिया से बातचीत करने दी गई और उसने और उसके समर्थकों ने बांग्लादेश की सरकार और बांग्लादेश के लोगों के खिलाफ जहरीली बातें कहीं।'
https://twitter.com/ANI/status/2085113170251928032
बांग्लादेश ने आगे कहा है, 'बांग्लादेश चाहता है कि दोनों देशों के बीच सकारात्मक रिश्ते हों। दोनों देश एक-दूसरे की संप्रभुता का सम्मान करें और आंतरिक मामलों में दखल न दें। बांग्लादेश ने साल 2013 के प्रत्यर्पण समझौते के आधार पर बार-बार अनुरोध किया है कि शेख हसीना को बांग्लादेश को सौंप दिया जाए। यह दुख की बात है कि भारत ने इसका जवाब तक नहीं दिया है। इसके उलट भारत ने शेख हसीना को खुली छूट दी है कि वह मीडिया से बात करे और दोनों देशों के रिश्ते खराब करे।'
शाकिब के घर पर हुआ हमला
क्रिकेटर शाकिब अल हसन भी शेख हसीना की पार्टी के नेता हैं। उन पर भी कई गंभीर आरोप हैं और कुछ मामलों में उन्हें सजा भी हुई है। 2024 से ही वह भी बांग्लादेश के ही बाहर हैं। बुधवार को शाकिब श्रीलंका से इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए और शेख हसीना का समर्थन किया। इसके कुछ देर बाद ही बांग्लादेश के मागुरा में स्थित उनके घर पर तोड़फोड़ की और पेट्रोल बम से भी हमला किया। अब जांच की जा रही है कि उस दौरान शाकिब के घर में कौन-कौन था और कितना नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: होर्मुज से लाल सागर तक निशाने पर भारतीय, कितना बड़ा खतरा और विकल्प क्या हैं?
शेख हसीना ने क्या-क्या कहा?
इस मौके पर शेख हसीना ने कहा, 'मुझे पता है, वे मुझे जेल में डाल सकते हैं या मेरी जान ले सकते हैं। मैं अपने लोगों के साथ रहने के लिए घर वापस जाऊंगी। मेरी वापसी सत्ता के लिए नहीं है, बल्कि बांग्लादेश को विकास, धर्मनिरपेक्षता और समृद्धि के रास्ते पर वापस लाने के लिए है।’ ‘फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब’ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, ‘चाहे मेरी किस्मत में कुछ भी लिखा हो, मैं अपने लोगों के बीच रहने के लिए बांग्लादेश लौटूंगी। जब मेरे प्यारे देशवासी तकलीफ़ में हों तो मैं उनसे दूर नहीं रह सकती।’
https://twitter.com/NewsArenaIndia/status/2085008705708495084
पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपनी वापसी पर बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) सरकार के साथ किसी भी तरह की पर्दे के पीछे की बातचीत की संभावना को भी खारिज किया। उन्होंने कहा, 'मुझे अपने भविष्य की चिंता नहीं है। मुझे बांग्लादेश के भविष्य की चिंता है। मैं लौटना चाहती हूं क्योंकि वहां के लोग सुरक्षा, विकास, समृद्धि और शांति के हकदार हैं।’ उन्होंने कहा कि भले ही उन्हें अपने देश से दूर जाने के लिए मजबूर किया गया लेकिन वह वहां के लोगों से कभी अलग नहीं हुईं।
'भारत की सीमा पर एक और पाकिस्तान बन गया है'
उन्होंने कहा है, ‘बांग्लादेश में घरों, दफ्तरों और शैक्षणिक परिसरों तक डर पहुंच गया है। यह वह बांग्लादेश नहीं है, जिसे हमने बनाया था। मैं अंतरराष्ट्रीय समुदाय से बांग्लादेश के लोगों के लोकतंत्र और न्याय के संघर्ष में उनके साथ खड़े होने का आह्वान करती हूं।’ शेख हसीना ने आरोप लगाया कि जुलाई और अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए विरोध प्रदर्शन कोई शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन नहीं थे, जिनके बाद उनकी सरकार सत्ता से हट गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि संगठित समूहों ने इस आंदोलन को हिंसक राजनीतिक हथियार में बदलने का काम किया।
यह भी पढ़ें: 'ट्रंप की मौत हुई तो फ्री बीयर पिलाऊंगा', ऐसा एलान करने वाले का लाइसेंस कैंसल
इस मौके पर शेख हसीना के बेटे सजीब वाजिद जॉय ने आरोप लगाया कि अगस्त 2024 से बांग्लादेश में राजनीतिक हत्याओं को वैध बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि आज बांग्लादेश एक विफल राष्ट्र है और देश में कानून-व्यवस्था नहीं है। सजीब वाजिद जॉय ने आरोप लगाया कि भारत के लिए सबसे बड़ी चिंता यह होनी चाहिए कि भारत की पूर्वी सीमा पर बांग्लादेश एक और पाकिस्तान बन गया है।
बता दें कि 78 साल की हो चुकीं शेख हसीना ढाका छोड़ने के बाद से भारत में रह रही हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने जाने का फैसला कर लिया है और मैं बांग्लादेश जाऊंगी।’ पिछले साल नवंबर में ढाका के एक विशेष न्यायाधिकरण ने 2024 के छात्रों के नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के दौरान हसीना की सरकार की कार्रवाई को लेकर मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में शेख हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई थी। इस फैसले के बाद से बांग्लागेश शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है। शेख हसीना ने कहा है कि बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति बेहद चिंताजनक है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




