भारतीय मूल की उद्योगपति वसुंधरा ओसवाल इन दिनों स्विट्जरलैंड में नस्लीय भेदभाव के आरोपों को लेकर चर्चा में हैं। अरबपति कारोबारी पंकज ओसवाल की बड़ी बेटी वसुंधरा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया कि उनके एक स्विस पड़ोसी ने उनके परिवार के साथ नस्लभेदी व्यवहार किया और कहा, 'तुम भारत में नहीं हो।' इस वीडियो के सामने आने के बाद उन्होंने स्विट्जरलैंड में नस्लभेद और विदेशियों के प्रति भेदभाव पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
वसुंधरा ओसवाल का कहना है कि वह पिछले 8 वर्षों से अपने परिवार के साथ स्विट्जरलैंड में रह रही हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें और उनके परिवार को कई बार भेदभाव का सामना करना पड़ा है। उन्होंने भारतीयों से भी अपील की कि स्विट्जरलैंड में पर्यटन, पढ़ाई या बसने का फैसला करने से पहले वहां के सामाजिक माहौल को जरूर समझें।
यह भी पढ़ें: 80 स्थानों पर अमेरिका का हमला, ईरानी नेताओं को अपनी हत्या का खौफ
क्या है पूरा मामला?
वसुंधरा ओसवाल ने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में बताया कि उनके घर का माली गुरुवार दोपहर लॉन मोवर से घास काट रहा था। तभी एक बुजुर्ग स्विस पड़ोसी वहां पहुंचा और इसका विरोध करते हुए कहा, 'तुम भारत में नहीं हो।' वसुंधरा ने जवाब दिया कि उस समय लॉन मोवर चलाने पर कोई कानूनी रोक नहीं है लेकिन इसके बावजूद पड़ोसी लगातार आपत्तिजनक और नस्लभेदी टिप्पणियां करता रहा। बाद में परिवार ने उसे अपनी संपत्ति से बाहर जाने के लिए कहा। उनका दावा है कि उसी समय एक स्थानीय व्यक्ति भी लॉन मोवर चला रहा था लेकिन पड़ोसी ने उसे कुछ नहीं कहा।
वीडियो के साथ शेयर किए गए लंबे पोस्ट में वसुंधरा ने लिखा कि स्विट्जरलैंड में नस्लभेद और विदेशियों के प्रति भेदभाव एक बड़ी लेकिन कम चर्चा की जाने वाली समस्या है। उन्होंने दावा किया कि वहां रहने वाले करीब 17 प्रतिशत लोगों ने किसी न किसी रूप में नस्लीय भेदभाव का सामना किया है। उनके अनुसार, आर्थिक रूप से विकसित देश होने का मतलब यह नहीं कि वहां सामाजिक समानता भी उतनी ही मजबूत हो। उन्होंने कहा कि भारतीयों को विदेश में रहने या निवेश करने से पहले इन पहलुओं पर भी विचार करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर ग्लोबल वार, अमेरिका-कनाडा समेत कई देशों में 24 गिरफ्तार
कौन हैं वसुंधरा ओसवाल?
वसुंधरा ओसवाल उद्योगपति पंकज ओसवाल और राधिका ओसवाल की बड़ी बेटी हैं। उनके माता-पिता ओसवाल ग्रुप ग्लोबल के संस्थापक हैं। इस ग्रुप का कारोबार उर्वरक, पेट्रोकेमिकल समेत कई बड़े सेक्टरों में फैला हुआ है।
वसुंधरा ने स्विट्जरलैंड की एक यूनिवर्सिटी से फाइनेंस में ऑनर्स की पढ़ाई की है। उन्हें इकोनॉमिक टाइम्स का 'इंस्पायरिंग वुमन ऑफ द ईयर' और 'ग्लोबल यूथ आइकन अवॉर्ड 2023' जैसे कई प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। वह अपने परिवार के साथ स्विट्जरलैंड में विला वारी नाम के एक बेहद आलीशान घर में रहती हैं, जिसे देश के सबसे महंगे निजी घरों में गिना जाता है।