दुनिया में बंदूक हिंसा में सबसे अधिक जानें अमेरिका में जाती हैं। अमेरिका के बाद बंदूक से सबसे अधिक मौतें ब्राजील में होती हैं। 2023 के आंकड़ों के मुताकि अमेरिका में बंदूक हिस्सा में मरने वालों की संख्या ब्राजील की तुलना में 10 हजार अधिक थी। अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) के आंकड़ों के मुताबिक 2024 में अमेरिका में बंदूक हिंसा में 44,447 लोगों की जान गई। पिछले तीन वर्षों से मृतकों की संख्या में गिरावट हुई, लेकिन यह आंकड़ा अब भी बहुत अधिक है।
गन वायलेंस आर्काइव के मुताबिक अमेरिका में 2024 में सामूहिक गोलीबारी में 510 लोगों की जान गई। वहीं एफबीआई का डेटा बता रहा है कि साल दर साल सामूहिक गोलीबारी की घटनाओं में कमी आ रही है। मगर बड़ी संख्या में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। 2021 में सामूहिक गोलीबारी की 61, 2022 में 50, 2023 में 48 और 2024 में 24 घटनाओं से अमेरिका दहल उठा।
यह भी पढ़ें: 'हम भारत जैसे नहीं है', पाकिस्तान के मंत्री ने TV पर देश की बड़ी कमजोरी बता दी
गोली मारकर खुदकुशी के मामले सबसे अधिक
खास बात यह है कि अमेरिका में बंदूक से होने वाली मौतों में सबसे बड़ी हिस्सेदारी आत्महत्याओं की है। करीब 62 फीसद मामले खुदकुशी से जुड़े थे। वहीं 35 फीसद केस हत्या से। 2024 में 27,593 ने गोली मारकर आत्महत्या की। वहीं 15,364 लोगों की हत्या हुई। 450 लोगों की मौत बंदूक दुर्घटना व अज्ञात कारणों से 404 की जान गई। 636 लोगों ने पुलिस और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों की गोली का शिकार बने।
15,364 लोगों की गोली मारकर हत्या
अमेरिका में साल 2024 में हत्या के कुल 20,162 मामले सामने आए। इनमें से करीब 76 फीसद यानी 15,364 लोगों की हत्या गोली मारकर की गई थी। इसी साल करीब 48,824 लोगों ने खुदकुशी की। इनमें से 57 फीसद यानी 27,593 लोगों ने गोली मारकर अपनी जान ली।
कोविड महामारी के वक्त अमेरिका में गोली मारकर हत्या करने के मामलों में इजाफा हुआ था। 2024 में जहां 15,364 लोगों की बंदूक से हत्या की गई। वहीं 2021 में यह आंकड़ा 20,958 तक पहुंच गया था।
किस राज्य में सबसे अधिक मामले
2024 में बंदूक हिंसा में जान गंवाने वालों की दर मिसिसिपी में सबसे अधिक रही। यहां प्रति 10 हजार लोगों में 28 लोगों की मौत गोली लगने से हुई। इसके बाद न्यू मैक्सिको (26.6), अलास्का (24.4), अलबामा (23.7) और व्योमिंग (23.4) का नंबर आता है। वहीं हवाई (3.7), मैसाचुसेट्स (3.8), न्यू जर्सी (4.0), न्यूयॉर्क (4.4) और रोड आइलैंड (4.6) में सबसे कम दर रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें: अमेरिका के टेक्सास में विमान हादसा, पांच लोगों की मौत; बचाव अभियान जारी
गन हिंसा के पीछे वजह क्या है?
दुनिया में आम नागरिकों के पास सबसे अधिक असलहे अमेरिका में है। 2017 तक दुनियाभर में नागरिक इस्तेमाल के लिए उपलब्ध 857 मिलियन बंदूकों में से करीब 393.3 मिलियन (46%) असलहे अमेरिकी नागरिकों के पास है। अमेरिका के मोंटाना राज्य में प्रतिशत के लिहाज से सबसे अधिक बंदूकें आम जनता के पास हैं। यहां 66.3% लोग बंदूकों के मालिक हैं। माना जाता है कि बंदूकों की अधिक उपलब्धता गन हिंसा के पीछे एक अहम वजह है।
मैसाचुसेट्स और न्यू जर्सी में लोगों के पास सबसे कम बंदूक है। यहां 14.7 फीसद लोग अपने पास बंदूक रखते हैं। भारत में जहां हर 100 व्यक्ति में सिर्फ 5.3 लोगों के पास लाइसेंसी बंदूक है तो वहीं अमेरिका में हर 100 व्यक्ति में 120.5 बंदूकें हैं। बंदूक रखने के मामले में अमेरिका के बाद स्विट्जरलैंड का नंबर आता है। यहां हर 100 नागरिक में 27.58 बंदूकें हैं।