अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अगवा करा चुके हैं। वह ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई को मारने की धमकी दे रहे हैं, ग्रीनलैंड पर कब्जा करने का इरादा उन्होंने जगजाहिर कर दिया है। खाड़ी के देशों में उनकी सेना, आए दिन बम बरसा रहा है। वह शांति के लिए मचाई गई हिंसा को जायज ठहरा रहे हैं। एक पत्रकार ने उनसे सवाल किया कि क्या वह निकोलस मादुरो की तरह, रूस और यूक्रेन के बीच शांति लाने के लिए व्लादिमीर पुतिन को गिरफ्तार करेंगे?
डोनाल्ड ट्रंप ने ऐसा जवाब दिया, जिसकी उम्मीद नहीं थी। वह साफ कह रहे हैं कि जरूरी नहीं हैं। उन्होंने न तो सवाल को खारिज किया, न ही ऐसा जवाब दिया, जिसकी उम्मीद दुनिया कर रही थी। रूस, अमेरिका के बाद दूसरी सबसे बड़ी महाशक्ति है, ताकत में दोनों देश एक-दूसरे से कमतर नहीं कहे जा सकते हैं, फिर भी डोनाल्ड ट्रंप ने कुछ इस अंदाज में जवाब दिया है जिसकी आलोचना हो रही है।
यह भी पढ़ें: इजरायल की 'कठपुतली' हैं रजा पहलवी, राजशाही की ओर लौटेगा ईरान?
क्या व्लादिमीर पुतिन को गिरफ्तार करेंगे डोनाल्ड ट्रंप?
जब यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की की उन बातों के बारे में पूछा गया, जिनमें उन्होंने इशारा किया था कि मादुरो के बाद पुतिन का नंबर आ सकता है, तो ट्रंप ने रिपोर्टर्स से कहा-
डोनाल्ड ट्रंप:-
मुझे नहीं लगता कि इसकी जरूरत पड़ेगी। मुझे लगता है कि हमारे उनके साथ अच्छे रिश्ते हैं और हमेशा रहेंगे।
क्यों ऐसे सवाल उठे?
4 जनवरी को अमेरिका ने वेनेजुएला के काराकस में राष्ट्रपति भवन पर एक खतरनाक ऑपरेशन किया। अमेरिका ने रात के अंधेरे में हमला किया। अमेरिकी सैनिकों ने राष्ट्रपति निकोलस मदुरो और उनकी पत्नी को उनके घर से पकड़ लिया। मदुरो को अमेरिका ले जाकर न्यूयॉर्क में ड्रग तस्करी के आरोप में कोर्ट में पेश किया गया। दुनिया के कई देशों ने डोनाल्ड ट्रंप के इस फरमान की आलोचना की। डोनाल्ड ट्रंप ने वैश्विक नियमों की धज्जियां उड़ाईं हैं।
यह भी पढ़ें: घर से सड़क तक उबाल, कल की रात पूरे ईरान में क्या-क्या हुआ?
वोलोदिमीर जेलेंस्की ने क्या कहा?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि अगर तानाशाहों के साथ ऐसा व्यवहार होता है, तो अमेरिका को पता है कि अगला कदम क्या होना चाहिए। उनका इशारा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तरफ था। उन्होंने संकेत दिया कि पुतिन के साथ भी कुछ ऐसा हो सकता है, क्योंकि रूस ने यूक्रेन पर हमला किया है।
क्या पुतिन को गिरफ्तार करेंगे डोनाल्ड ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि पुतिन के खिलाफ ऐसा कोई बड़ा ऑपरेशन करने की जरूरत नहीं है। ट्रंप ने कहा कि उनके और पुतिन के बीच अच्छे संबंध हैं। वह यूक्रेन युद्ध को जल्दी खत्म करना चाहते थे, लेकिन अभी तक यह खत्म नहीं हुआ है। ट्रंप ने कहा कि वे आठ युद्ध पहले ही सुलझा चुके हैं, लेकिन यह युद्ध मुश्किल निकला।
यह भी पढ़ें: 'ट्रंप को खुश करने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगे', अमेरिका पर भड़के खामेनेई
यूक्रेन के हाल पर क्या कह रहे हैं ट्रंप?
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि बीते महीने 31,000 लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर रूसी सैनिक थे। रूस की अर्थव्यवस्था भी खराब हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह युद्ध जल्द ही खत्म हो जाएगा।
अब वेनेजुएला का भविष्य क्या है?
निकोलस मदुरो के पकड़े जाने के बाद वेनेजुएला में नई सरकार बन गई है। उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने अंतरिम राष्ट्रपति का पद संभाला है। अमेरिका अब वेनेजुएला के तेल पर नियंत्रण कर चुका है। कंपनियों से निवेश मांग रहा है। वेनेजुएला के लोग, अमेरिकी फैसले पर बौखलाए हुए हैं।