बारिश आते ही मौसम सुहाना हो जाता है, लेकिन कपड़ों को सुखाना सबसे बड़ी परेशानी बन जाता है। कम धूप और हवा में ज्यादा नमी के कारण कपड़े देर से सूखते हैं। लंबे समय तक गीले रहने से कपड़ों में बदबू आ जाती है और फफूंदी लगने का खतरा बढ़ जाता है, जो स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
गर्मियों में धूप की वजह से कपड़े जल्दी सूख जाते हैं, लेकिन बरसात में यह काम मुश्किल हो जाता है। हर कोई इस समस्या से जूझता है। ऐसे में कुछ आसान घरेलू उपाय और स्मार्ट तरीके अपनाकर कपड़ों को तेजी से सुखाया जा सकता है और उनमें ताजगी भी बरकरार रखी जा सकती है।
यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में मसालों में लग रहे हैं कीड़े? अपनाएं ये आसान घरेलू नुस्खे
1. कपड़ों का अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निकालें
कपड़े धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह निचोड़ें या वॉशिंग मशीन के स्पिन मोड का इस्तेमाल करें। इससे कपड़ों में मौजूद अतिरिक्त पानी निकल जाता है और उन्हें सूखने में कम समय लगता है। जितनी कम नमी होगी, कपड़े उतनी ही जल्दी सूखेंगे।
2. कपड़ों को हैंगर पर अलग-अलग टांगें
कपड़ों को एक-दूसरे के ऊपर या बहुत पास-पास टांगने की बजाय अलग-अलग हैंगर पर फैलाकर टांगें। इससे हवा सभी तरफ से आसानी से लगती है और कपड़ों के जल्दी सूखने के साथ उनमें सीलन और बदबू आने की संभावना भी कम हो जाती है।
3. पंखे या अच्छी हवा वाली जगह पर सुखाएं
अगर कई दिनों तक धूप नहीं निकल रही है, तो कपड़ों को पंखे के नीचे या ऐसी जगह रखें जहां हवा का अच्छा प्रवाह हो। लगातार हवा मिलने से कपड़ों की नमी तेजी से कम होती है और वे जल्दी सूख जाते हैं।
4. रूम हीटर या टेबल फैन का इस्तेमाल करें
कपड़े सुखाने के लिए एक छोटा टेबल फैन या रूम हीटर का उपयोग कर सकते हैं। ज्यादातर लोग इन्हीं उपकरणों का इस्तेमाल करते हैं। ध्यान रहे कि फैन और टेबल से कपड़ों के बीच थोड़ी दूरी बना के रखें।
यह भी पढ़ें: बारिश में छत टपकने से हैं परेशान? आज ही आजमाएं ये घरेलू उपाय, मिलेगी राहत
5. मोटे और पतले कपड़ों को अलग-अलग सुखाएं
जींस, तौलिए और स्वेटशर्ट जैसे मोटे कपड़ों को हल्के कपड़ों से अलग सुखाएं। मोटे कपड़ों को ज्यादा हवा की जरूरत होती है, इसलिए उन्हें अलग रखने से सभी कपड़े आसानी से और समान रूप से सूखते हैं।
6. सूखे तौलिए की मदद लें
अगर कपड़ों में ज्यादा पानी बचा हुआ है, तो उन्हें एक साफ और सूखे तौलिए में लपेटकर हल्के हाथों से दबाएं। तौलिया अतिरिक्त नमी सोख लेता है जिससे कपड़े पहले से काफी जल्दी सूखने लगते हैं।
7. कपड़ों के बीच पर्याप्त दूरी रखें
कपड़े सुखाते समय उनके बीच थोड़ा-सा अंतर जरूर रखें। इससे हवा आसानी से सभी कपड़ों तक पहुंचती है और उनमें सीलन, बदबू या फफूंदी बनने का खतरा कम हो जाता है।
8. नमी वाली जगह पर कपड़े सुखाने से बचें
बाथरूम या पूरी तरह बंद कमरे में कपड़े सुखाने से उनमें नमी लंबे समय तक बनी रहती है। कोशिश करें कि कपड़ों को ऐसी जगह टांगें जहां हवा का अच्छा आना जाना हो, ताकि वे जल्दी सूखें और उन में ताजगी बनी रहे।