भारत में आम लोगों के शॉपिंग करने और पैसे खर्च करने का तरीका अब पूरी तरह बदल गया है। डेलॉयट इंडिया की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय लोग अब बहुत सारा सस्ता सामान खरीदने के बजाय कम लेकिन अच्छा और बढ़िया सामान खरीदना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। कमाई अच्छी होने और खुद पर भरोसा बढ़ने की वजह से ग्राहकों के बीच अब 'कम खरीदो लेकिन अच्छा खरीदो' का नियम तेजी से आगे बढ़ रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में लोगों की आर्थिक मजबूती का स्कोर पिछले साल के 109.1 से बढ़कर अब 111.1 पर पहुंच गया है जो दुनिया के बाकी देशों से बहुत बेहतर है। लोग अब बड़े और फालतू खर्चो को लेकर थोड़े सावधान भी हो गए हैं। लोग अब बिना सोचे-समझे कहीं भी पैसा बर्बाद नहीं करते हैं बल्कि वे सिर्फ अपनी जरूरी चीजों और अच्छी सुविधाओं पर ही पैसा लगाना पसंद कर रहे हैं। भारतीय ग्राहक बाजार के बदलते माहौल के हिसाब से खुद को बहुत अच्छी तरह ढाल रहे हैं।
अब राशन और खाने-पीने के सामान को बर्बाद होने से बचाने पर बहुत ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। डेलॉयट की इस रिपोर्ट से साफ पता चलता है कि करीब 31 प्रतिशत लोग अब खाना बर्बाद होने से बचाने के लिए हर समय बहुत सावधान रहते हैं। इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि लोग अपनी जरूरत से कम खा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक सिर्फ 11 प्रतिशत लोग ही ऐसे हैं जो अपनी पसंद से कम सामान खरीद रहे हैं। असल में लोग अब ज्यादा सामान भरने के चक्कर में खराब चीजें नहीं खरीदते बल्कि वे कम सामान खरीदते हैं जिसकी क्वालिटी बहुत अच्छी होती है। इसके साथ ही अपना पैसा बचाने के लिए करीब 15 प्रतिशत लोग अब बड़े और महंगे ब्रांड्स के बदले सुपरमार्केट और दुकानों के अपने खुद के ब्रांड्स का सामान भी खूब खरीद रहे हैं क्योंकि ये सामान कम पैसों में अच्छी क्वालिटी दे देते हैं।
यह भी पढ़ें: प्रोटीन पाउडर शुरू करने से पहले जानिए 4 जरूरी बातें, वरना सेहत को होगा नुकसान
सफर में चाहिए पूरा आराम
छुट्टियां मनाने और बाहर घूमने जाने के मामले में भी भारतीय ग्राहकों की पसंद अब काफी बदल गई है। आंकड़ों के मुताबिक, त्योहारों का सीजन बीतने के बाद बाहर घूमने जाने वाले लोगों और विदेश यात्रा करने वालों की संख्या में करीब 7 प्रतिशत की थोड़ी कमी जरूर आई है लेकिन जो लोग भी इस समय घूमने जा रहे हैं वे अपने आराम के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहते हैं। लोग अब सस्ते और साधारण तरीकों को छोड़कर यात्रा के दौरान मिलने वाली अच्छी सुविधाओं पर ज्यादा पैसा खर्च कर रहे हैं। सफर के लिए अच्छी फ्लाइट्स चुनना, सीटों को आगे बढ़ाना और रुकने के लिए शानदार होटलों को बुक करना अब लोगों को पहले से बहुत ज्यादा पसंद आ रहा है।
ईवी का क्रेज
नई गाड़ी खरीदने के मामले में भी भारतीय लोग अब बहुत ज्यादा सोच-समझकर और रुककर फैसला ले रहे हैं जिसके कारण गाड़ी खरीदने का स्कोर अब 85.2 पर आ गया है। करीब 43 प्रतिशत लोगों का मानना है कि उनकी पुरानी गाड़ी अभी भी बहुत अच्छे से काम कर रही है इसलिए वे अचानक कोई बड़ा खर्च करके अपनी जेब पर बोझ नहीं डालना चाहते हैं। वहीं 12 प्रतिशत लोग बाजार के उतार-चढ़ाव को देखकर अभी बड़ा खर्च करने से बच रहे हैं। इस बीच बिजली से चलने वाली गाड़ियों यानी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स को लेकर लोगों के बीच बहुत ज्यादा क्रेज और उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में हर 10 में से 6 लोग अब नई गाड़ी के तौर पर इलेक्ट्रिक व्हीकल ही खरीदना चाहते हैं क्योंकि इनमें नए और आधुनिक फीचर्स मिलते हैं इन्हें चलाने और देखरेख का खर्च बहुत कम होता है और इनसे पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचता है।
यह भी पढ़ें: 'अमीर से शादी मत करना', डेटिंग ऐप की CEO ने महिलाओं को क्यों दी ऐसी सलाह?
बीच बजट संभालने की समझदारी
देश के करीब 73 प्रतिशत लोगों को ऐसा लगता है कि आने वाले समय में हर छोटे-बड़े सामान की कीमत और ज्यादा बढ़ सकती है। इस महंगाई के डर के बीच लोग बहुत ही समझदारी से अपने घर का बजट और अपनी जेब संभाल रहे हैं। वे फालतू का खर्च करने से पूरी तरह बच रहे हैं और कम पैसों में सबसे अच्छा तथा मजबूत सामान खरीदने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उन्हें अपने पैसे की पूरी कीमत मिल सके।