दुनियाभर में हृदय रोग की वजह से सबसे ज्यादा मौतें होती है। 2022 में 20 मिलियन लोगों की मौत हार्ट संबंधी बीमारियों के कारण हुई थी। हृदय संबंधी बीमारियां होने का मुख्य कारण खराब लाइफस्टाइल, हाई कोलस्ट्रॉल और स्मोकिंग को माना जाता है लेकिन क्या आप जानते हैं मुंह के बैक्टीरिया भी हार्ट अटैक का कारण बन सकते है? शोधकर्ताओं ने हाल ही में स्टडी की है जिसमें यह बात सामने आई है। यह स्टडी Journal OF The American Heart Association में छपी है।
शोधकर्ताओं ने 121 लोगों के प्लाक की जांच की जिनकी मौत हार्ट अटैक से हुई थी। इसके अलावा 96 लोगों के सैंपल्स लिए थे जिनकी हाल ही में सर्जरी हुई थी। वैज्ञानिकों ने स्टडी में पाया कि इन लोगों के आर्टीज में Viridans ग्रुप का स्ट्रेप्टोकोकी बैक्टीरिया पाया गया। यह बहुत ही आम बैक्टीरिया है।
यह भी पढ़ें- काली या पीली कौन सी किशमिश है दिल के लिए फायदेमंद? जानते हैं आप
मुंह के बैक्टीरिया बन सकते हैं हार्ट अटैक का कारण
स्टडी में पाया गया कि कोरोनरी प्लाक में 42% तक मुंह के बैक्टीरिया पाए गए और सर्जिकल सैंपल्स में 43% तक पाया गया था। आर्टीज में बनने वाले फैट की लेयर के अंदर ये बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं जो दिल का दौरा पड़ने का कारण बन सकते हैं।
इस स्टडी को ब्रिटेन और फिनलैंड के शोधकर्ताओं ने किया है। शोधकर्ताओं ने अपनी स्टडी में बताया कि स्ट्रेप्टोकोकी बैक्टीरिया दांतों पर बनने वाली प्लाक की शुरुआत करने वाले होते हैं। यह बैक्टीरिया अकेले नहीं होता है बल्कि इसके साथ कई बैक्टीरिया मिलकर बायोफिल्म (गाढ़ी परत) बनाते हैं। इसका मतलब यह है कि कई बैक्टीरिया मिलकर इस परत को बनाते हैं।
यह भी पढ़ें- नवरात्रि में व्रत रखना सेहत के लिए कैसे फायदेमंद? डाइटिशियन से समझें
रोजमर्रा की जिंदगी पर क्या पड़ेगा प्रभाव?
हमारा मुंह शरीर से अलग नहीं है। बैड ओरल हेल्थ सिर्फ आपके दांतों को ही नहीं शरीर के अंगों को भी प्रभावित करता है। ये छुपे हुए बैक्टीरिया शरीर में कहीं भी ट्रेवल कर सकते हैं। इसकी वजह से शरीर में सूजन की समस्या हो सकती हैं। हालांकि मुंह से बदबू आने का मतलब हार्ट संबंधी बीमारियां नहीं है लेकिन मुंह को साफ रखकर आप बीमारियों से जरूर बच सकते हैं। इसलिए रोजाना ब्रश करें। मसूड़ों की परेशानी होने पर डॉक्टर को दिखाएं। मीठा खाने से बचें। इस स्टडी में इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि ओरल हेल्थ की वजह से हार्ट अटैक होता है। हालांकि इस स्टडी ने शोधकर्ताओं को सोचने का नया नजरिया दिया है।