खान-पान का असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। शरीर के कुछ अंग पहले से ही हमारी सेहत के बारे में चेतावनी देते हैं जिसे हम नजर अंदाज कर देते हैं। नाखूनों को ज्यादातर लोग सुंदरता से जोड़कर देखते हैं लेकिन बहुत कम लोग जानते होंगे की नाखून हमारे सेहत का हाल बताते हैं। आइए समझते हैं कैसे?
नाखूनों के रंगों, रेखाएं और बनावट से आप सेहत का पता लगा सकते हैं। नाखून केराटिन नाम के प्रोटीन से बनता है जो शरीर के पोषण, ब्लड सर्कुलेशन और अंगों के कार्य करने की श्रमता को दिखाता है। जब शरीर में किसी पोषण की कमी होती है तो उसका असर नाखूनों पर दिखता है। नाखून के ऊपर बना आधा चंद्राकार को लुन्युला (Lunula) कहा जाता है। नाखून का यह हिस्सा शरीर के स्वास्थ्य के बारे में संकेत देता है।
यह भी पढ़ें- क्या ठंडे पानी से नहाने से होता है ब्रेन स्ट्रोक? डॉक्टर से समझें
नाखूनों में ये लक्षण बताते हैं सेहत का हाल
बड़ा या ज्यादा दिखाई देने वाला आधा चंद्राकार
अगर नाखून का लगभग पूरा हिस्सा सफेद दिखे या ऊपर की पतली पट्टी गुलाबी या पारदर्शी दिखे तो ये गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है जैसे लिवर सिरोसिस। अगर लुन्युल में नीलेपन की झलक दिखाई दे तो यह विल्सन डिजीज का संकेत माना जाता है। यह एक दुर्लभ बीमारी है। अगर लुन्युल में लाल रंग की झलक नजर आए तो हार्ट फेलियर का संकेत माना जाता है।

रंग में बदलाव
नाखूनों में ब्लू रंग की झलक दिखने का मतलब है कि खून में ऑक्सीजन का लेवल कम है जो कोविड 19 का संकेत था। पीले रंग का मतलब फेफड़ों या फंगल इंफेक्शन का खतरा हो सकता है हालांकि यह लक्षण हाथों से ज्यादा पैर के नाखूनों में दिखता है।
यह भी पढ़ें- 25 से 30 रुपये में घर की हवा को करें साफ, प्रदूषण के लेवल को कर सकते हैं कम
नाखून में लकीर
अगर नाखून के बीच में या उसके आसपास गहरे रंग की लंबी लकीर दिखाई देती है तो यह मेलानोमा स्किन कैंसर का संकेत हो सकता है। कई बार मेलानोमा में कोई लक्षण दिखाई नहीं देता है इसीलिए नाखून के रंग में यह बदलाव एकमात्र संकेत हो सकता है। नाखून पर सीधी धंसी हुई लाइन तब बनती है जब कैंसर के इलाज के लिए कीमोथेरपी करवाते हैं या फिर शुगर नियंत्रण में न होने पर भी इस प्रकार की लाइनें नजर आती है।

नाखून का टूटना
अगर आपके नाखून बहुत ज्यादा पतले हैं या टूटते हैं तो प्रोटीन की कमी या थायरॉइड की समस्या हो सकती है। इसके अलावा नाखून में सफेद रंग के धब्बे दिखने का मतलब शरीर में कैल्शियम की कमी हो सकती है।
Disclaimer: यह आर्टिकल इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारियों पर आधारित है। विस्तृत जानकारी के लिए आप अपने किसी डॉक्टर की सलाह लें।