जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। 16 नवंबर को हुई एक मुठभेड़ में जवानों ने 11 नवंबर को CRPF टीम पर हुए हमले के मुख्य मास्टरमाइंड लतीफ भट्ट को मार गिराया है। इस ऑपरेशन में लतीफ के अलावा एक और आतंकवादी मारा गया है। दरअसल, आतंकियों की तलाश के लिए संयुक्त सुरक्षाबलों ने 15 नवंबर को कुलगाम के मीर बाजार के पास घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था।
इस पूरे ऑपरेशन की गंभीरता को देखते हुए जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात और कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) सुजीत कुमार खुद मौके पर मौजूद रहकर निगरानी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: हत्या के आरोपी के बरी होने पर भी परिवार को मिलेगा मुआवजा? SC ने दिए अहम निर्देश
क्या हुआ था 11 नवंबर को?
इस बड़ी कार्रवाई की जड़ 11 नवंबर की उस घटना से जुड़ी है, जब कुलगाम में ड्यूटी दे रहे CRPF जवानों को निशाना बनाया गया था। दोपहर करीब 2:15 बजे बाइक पर सवार होकर आए अज्ञात हमलावरों ने जवानों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी थी। इस गोलीबारी में CRPF के तीन जवान घायल हो गए थे, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग निकले थे। हमले के तुरंत बाद CRPF ने बयान जारी कर बताया था कि घायल जवानों को बेहतरीन इलाज दिया जा रहा है और फरार हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
केजेएस ढिल्लन ने भी सुरक्षाबलों को बधाई देते हुए कहा, 'कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता। कुलगाम में हुई मुठभेड़ में लश्कर का आतंकवादी लतीफ भट और उसका एक साथी मारा गया। भट हाल ही में CRPF पर हुए हमले और प्रवासी मजदूरों की हत्या में शामिल था। जय हिंद।।'
बर्फबारी से पहले की चुनौतियों पर सुरक्षाबलों की तैयारी
सर्दियों में होने वाली बर्फबारी से पहले सुरक्षा चुनौतियों को लेकर ADG संदीप खीरवार ने सुरक्षाबलों की रणनीति साफ की। उन्होंने कहा कि जवानों ने पिछले सालों के अनुभवों से काफी कुछ सीखा है और वे हर स्थिति के लिए तैयार हैं। मौसम में हर साल होने वाले बदलावों को देखते हुए सभी सुरक्षा एजेंसियां, स्थानीय प्रशासन, सरकार और जम्मू-कश्मीर की आम जनता आपस में मिलकर काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बिलकिस बानो केस: सुप्रीम कोर्ट से दो दोषियों की सजा निलंबित, जमानत भी मिली
सुरक्षाबल संभावित खतरों और बदलती परिस्थितियों का पहले से ही अंदाजा लगाकर उसी के हिसाब से अपनी रणनीति तैयार करते हैं। ADG ने भरोसा जताया कि सुरक्षाबल हर चुनौती से निपटने में पूरी तरह सक्षम हैं, क्योंकि इलाके में शांति और स्थिरता बने रहने से ही जम्मू-कश्मीर के लोगों और पूरे देश की तरक्की संभव है।