उत्तर प्रदेश के रामपुर में 2008 के चर्चित CRPF कैंप हमले के मामले में आरोपी रहे मोहम्मद शरीफ की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावरों ने खजुरिया थाना क्षेत्र में इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त मोहम्मद शरीफ अपने बेटे के साथ बाइक पर जा रहा था। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, हमलावर ने उस पर करीब 16 गोलियां चलाईं।
शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शरीफ के सिर में भी गोली लगी थी। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ढाका की बस्तियों को बताया दिल्ली, विदेश मंत्रालय ने चाइनीज व्लॉगरों को लताड़ा
CRPF कैंप हमले में दोषी
मोहम्मद शरीफ का नाम 31 दिसंबर 2007 की रात रामपुर स्थित CRPF ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में सामने आया था। यह हमला नए साल यानी 1 जनवरी 2008 की सुबह तक चला था। इस हमले में सात CRPF जवान और एक रिक्शा चालक की मौत हुई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। जांच के दौरान पुलिस ने मोहम्मद शरीफ समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया था। नवंबर 2019 में रामपुर की कोर्ट ने शरीफ और तीन अन्य आरोपियों को मौत की सजा सुनाई थी, जबकि एक अन्य आरोपी जंग बहादुर खान को उम्रकैद की सजा दी गई थी। इस मामले में दो पाकिस्तानी नागरिकों के नाम भी सामने आए थे।
हाई कोर्ट ने किया था बरी
अक्टूबर 2025 में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए मोहम्मद शरीफ और अन्य आरोपियों की मौत की सजा रद्द कर दी थी। कोर्ट ने हत्या, आतंकवाद और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों में उन्हें बरी कर दिया था। कोर्ट का कहना था कि पुलिस जांच में गंभीर खामियां थीं और अभियोजन पक्ष मुख्य आरोपों को संदेह से परे साबित नहीं कर पाया।
2025 में हुआ था रिहा
हालांकि, कोर्ट ने प्रतिबंधित हथियार रखने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत उनकी सजा बरकरार रखी। इसके तहत शरीफ समेत पांच आरोपियों को 10 साल की कठोर कैद और एक-एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। जेल में पहले बिताई गई अवधि को सजा में शामिल किया गया था। इसके बाद नवंबर 2025 में शरीफ बरेली सेंट्रल जेल से रिहा होकर अपने गांव लौट आया था।
यह भी पढ़ें: 'फैंस संग न लें सेल्फी', टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस की चेतावनी
जांच में जुटी पुलिस
मोहम्मद शरीफ की हत्या के बाद अब पुलिस के सामने हमलावरों की पहचान और वारदात की वजह का पता लगाने की चुनौती है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई दूसरी वजह थी। पुलिस इस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर 2008 के CRPF कैंप हमले और उससे जुड़े लंबे कानूनी मामले को चर्चा में ला दिया है।