सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के मौत मामले में नाम आने के बाद पहली बार आदित्य ठाकरे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह कभी दिशा से नहीं मिले और यहां तक दिशा सालियान को जानते तक नहीं है।
8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में दिशा सालियान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। तब 14वीं मंजिल से गिरने से मौत का दावा किया गया। करीब छह दिन बाद 14 जून 2020 को अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में मृत मिले थे। उनकी मौत का रहस्य आज तक नहीं खुल पाया।
यह भी पढ़ें: जंगल के रहस्य पर बनी फिल्म 'द वन', सिद्धार्थ और तमन्ना की फिल्म का ट्रेलर रिलीज
14 सितंबर को ही दिशा सालियान मौत मामले में सीबीआई ने मामला दर्ज किया। विधायक आदित्य ठाकरे, अभिनेता डिनो मोरिया, सूरज पंचोली और रिया चक्रवर्ती जांच के दायरे में हैं। इस बीच आदित्य ठाकरे ने कुछ लोगों पर सियासी मंशा से छवि खराब करने का आरोप लगाया।
दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में एक याचिका दाखिल की थी। इसमें उन्होंने बेटी की मौत मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया था। 2 सितंबर को हाई कोर्ट के आदेश पर सीबीआई को जांच सौंपी गई। केंद्रीय एजेंसी ने गैंगरेप, हत्या, आपराधिक साजिश, सबूतों को नष्ट करने और झूठी सूचना देने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है।
'जानबूझकर चरित्र हनन का प्रयास'
शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'आइए एक बार फिर शोर से अलग होकर तथ्यों की बात करें। मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला और न ही उन्हें जानता था। करीब छह वर्षों से कुछ लोग राजनीतिक और निजी मंशा के साथ लगातार इस दुखद मामले से मेरा नाम जोड़ रहे हैं। यह बिना किसी सबूत के चरित्र हनन की जानबूझकर किया गया प्रयास है।'
यह भी पढ़ें: 'यह बेहद चिंताजनक', मक्का के करीब ड्रोन हमले की भारत ने की निंदा
हमेशा सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे: आदित्य
आदित्य ने आगे लिखा, 'राजनीतिक मंशा से किए जा रहे दुष्प्रचार और चरित्र हनन से विचलित हुए बिना आधिकारिक पुनः जांच को आगे बढ़ने दिया जाए। एक बार फिर उन कुछ लोगों से, जो सोचते हैं कि राजनीतिक फायदे के लिए किए जा रहे ऐसे दुर्भावनापूर्ण प्रयास हमें सच्चाई और अपने साथी नागरिकों के लिए लड़ने से रोक देंगे, कहना चाहता हूं कि उनकी यह रणनीति विफल है। हम हमेशा सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे और उसके लिए लड़ेंगे।'