दिल्ली के वसंत कुंज स्थित एक फाइव स्टार होटल के कमरे में एयर इंडिया के पायलट का शव बरामद हुआ है। होटल में हुई इस घटना के बाद सनसनी फैल गई। 40 साल के मृतक पायलट मुंबई के रहने वाले थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करने के बाद शव के उनके परिवार को सौंप दिया है। हालांकि, डॉक्टर पायलट की मौत की वजह से हार्ट अटैक को मान रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि पायलट गुरुवार से लेओवर के दौरान होटल में रुका हुआ था। पुलिस के मुताबिक, मौत का कारण पता लगाने के लिए शनिवार को सफदरजंग हॉस्पिटल में ऑटोप्सी की गई और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत जांच शुरू की गई।
यह भी पढ़ें: 'मतभेद विवाद नहीं बनने चाहिए', भारत-चीन रिश्तों पर ऐसा क्यों बोले PM मोदी?
दिल्ली पुलिस ने क्या बताया?
दक्षिण पश्चिमी दिल्ली के DCP अमित गोयल ने कहा कि होटल ने शुक्रवार को वसंत कुंज नॉर्थ पुलिस स्टेशन को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सूचना पाकर फौरन जांच के लिए एक पुलिस टीम तैनात की। होटल के कर्मचारियों ने पायलट को उसके कमरे में बेहोश पाया, जिसके बाद उसे पास के एक हॉस्पिटल ले गए। जांच के बाद डॉक्टरों ने पायलट को मृत घोषित कर दिया।
भाई के फोन कॉल का नहीं दिया जवाब
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पायलट एयर इंडिया का कैप्टन था और उसने गुरुवार को होटल में चेक इन किया था। शुक्रवार शाम को पायलट के भाई ने होटल मैनेजर से संपर्क किया और उसे बताया कि उसका भाई उसके फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहा है।
पुलिस ने आगे बताया, 'भाई की कॉल के बाद मैनेजर पायलट के कमरे में गया। कमरा अंदर से बंद था। मैनेजर ने होटल की मास्टर चाबी से दरवाजा खोला और पायलट को बेहोशी की हालत में पाया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण पता चलेगा। आगे की जांच जारी है।'
यह भी पढ़ें: ब्रिक्स का 'न्यू दिल्ली डिक्लेरेशन' क्या है? इसकी अहम बातें जान लीजिए
एयर इंडिया का आया जवाब
वहीं, एक बयान में एयर इंडिया ने कहा कि वह इस घटना से बहुत दुखी है। इसमें कहा गया है कि पायलट को शनिवार सुबह जल्दी एक फ्लाइट ऑपरेट करने के लिए लिस्ट किया गया था। पायलट पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस में काम करता था और कुछ महीने पहले एयर इंडिया में आया था।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, 'एयर इंडिया उसके परिवार के साथ करीबी संपर्क में है और इस दुख की घड़ी में पूरी मदद कर रहा है।'