लंबे समय से चर्चा में चल रहे अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड हाईवे को लेकर अब बड़ा अपडेट आया है। प्रशासन की तरफ से इस हाईवे के लिए स्पीड नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। इसके बाद अब इस रूट पर सफर पहले के मुकाबले काफी तेज और आसान हो जाएगा। इस बीच इस प्रोजेक्ट का एक हिस्सा बनकर पूरी तरह से तैयार हो गया है। मोहाली-कुराली बायपास को आम लोगों के लिए भी खोल दिया गया है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद पंजाब हिमाचल और जम्मू-कश्मीर से दिल्ली जाने वालों के लिए सफर आसान हो जाएगा।
यह हाईवे केंद्र सरकार की तरफ से बनाया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक हाईवे पूरी तरह शुरू होने के बाद लोग अंबाला से चंडीगढ़ तक का सफर करीब 40-50 मिनट में पूरा कर सकेंगे। अभी तक इस रूट पर लोगों को भारी ट्रैफिक और पुराने हाईवे की वजह से काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। खासकर ऑफिस टाइम में लंबा जाम लगना आम बात बन चुकी थी।
यह भी पढ़ें: आंकड़े गायब, न शेल्टर होम, न सुविधाएं, कत्तों पर SC का आदेश कैसे मानेगी दिल्ली?
इसी साल पूरा हो सकता है काम
इस सड़क का कुछ हिस्सा बनना अभी रहता है। इसके लिए मोहाली के डेराबस्सी इलाके में जमीन अधिग्रहण की नई अधिसूचना जारी की गई। इस जमीन का इस्तेमाल 5 से 25 किलोमीटर तक सड़क बनाने के लिए किया जाएगा। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि सरकार का टारगेट इस प्रोजेक्ट को इसी साल के अंत तक पूरा करने का है।
अंबाला से चंडीगढ़ सफर होगा आसान
अंबाला-चंडीगढ़ रूट हरियाणा और पंजाब के लिए बेहद अहम माना जाता है। रोजाना हजारों लोग नौकरी, कारोबार और दूसरे कामों के लिए इस रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में ग्रीनफील्ड हाईवे शुरू होने से सबसे ज्यादा राहत रोजाना सफर करने वाले लोगों को मिलने वाली है। एक अनुमान के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से रोजाना लगभर 80 हजार गाड़ियों को सीधा फायदा मिलेगा। प्रशासन का कहना है कि हाईवे को इस तरह डिजाइन किया गया है ताकि वाहन बिना शहर के ट्रैफिक में फंसे सीधे तेज रफ्तार से सफर कर सकें।
दिल्ली का सफर होगा आसान
इस हाईवे का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। अभी तक अंबाला और जीरकपुर के आसपास भारी जाम की स्थिति बनी रहती है। शाम के समय इस रास्ते पर घंटों तक लोग फंस रहते हैं। छुट्टियों और वीकेंड पर तो हालात और भी खराब हो जाते हैं। इसी रूट से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के लोग दिल्ली जाते हैं। ऐसे में इस रूट पर काफी ज्यादा दबाव था। जीरकपुर से अंबाला पहुंचने में ही काफी ज्यादा समय लग जाता था। अब ग्रीनफील्ड हाईवे बनने के बाद लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: कैसे काम करता था यूपी का 'जिम जिहाद' गैंग? 10 ट्रेनरों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट
ट्राइसिटी के लिए अहम
इस हाईवे को इसे ट्राईसिटी रिंग रोड योजना के तहत 2020-21 में मंजूरी दी गई थी। ट्राइसिटी में चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली शामिल हैं। इस हाईवे से इन तीन शहरों के साथ-साथ अंबाला को भी काफी ज्यादा फायदा होगा। इस प्रोजेक्ट को हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर अपडेट माना जा रहा है। अंबाला, पंचकूला, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए यह हाईवे गेमचेंजर साबित हो सकता है।