logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'घुसपैठियों पर होगा एक्शन', PM मोदी ने बताया बंगाल की पहली कैबिनेट में क्या होगा

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। पहली बार बीजेपी सत्ता की दहलीज तक पहुंची है। पीएम मोदी ने सोमवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और बताया कि पहली कैबिनेट में क्या होगा?

West Bengal Elections

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

google_follow_us

बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत से न केवल कार्यकर्ता, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व भी खुश है। पीएम मोदी ने बंगाल में चुनावी हिंसा में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं और उनके परिवार को यह जीत समर्पित की। पार्टी मुख्यालय से उन्होंने बंगाल की जनता को भरोसा दिया कि बीजेपी बंगाल के विकास के लिए दिन रात एक कर देगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में क्या फैसला लिया जाएगा।  

 

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में बीजेपी-एनडीए की सरकारें हैं। नागरिक देवो भव: हमारा मंत्र है। हम जनता की सेवा में जुटे हैं। इसलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। जनता साफ देख रही है कि जहां भाजपा, वहां गुड गवर्नेंस, जहां भाजपा, वहां विकास है। 

 

यह भी पढ़ें: 'अपने पाप को कभी धूल नहीं पाएगी', बंगाल जीत के बाद PM मोदी सपा पर क्यों बरसे?

पहली कैबिनेट में क्या होगा?

पीएम मोदी ने ऐलान किया कि बंगाल की पहली कैबिनेट में आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी। वहीं घुसपैठियों के खिलाफ सख्त से सख्त एक्शन शुरू किया जाएगा। पीएम मोदी ने वादा किया कि बीजेपी बंगाल में भयमुक्त वातावरण बनाकर दिखाएगी और यह मोदी की गारंटी है। 

 

पीएम मोदी ने आगे कहा कि आप बीते दो साल के ट्रेंड को देखिए... हरियाणा में लगातार तीसरी बार बीजेपी सरकार बनी। महाराष्ट्र में बीजेपी की जोरदार विजयी हुई। दिल्ली में अभूपूर्व जीत मिली। बिहार में हमें पहले से बड़ी जीत मिली। स्थानीय निकाय चुनाव में भी यह सफलता दिखी। 10 दिन पहले गुजरात के स्थानीय निकाय के नतीजे आए हैं। वहां बीजेपी ढाई तीन दशक से जनता की सेवा निरंतर कर रही है। हर साल जनता बीजेपी को आशीर्वाद के नए रिकॉर्ड बना रही है। गुजरात में इस बार बीजेपी को अब तक सबसे अधिक वोट शेयर मिला है।

'भय मुक्त होगा बंगाल का भविष्य'

बंगाल में मिली प्रचंड जीत पर पीएम मोदी ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र किया और कहा कि आज उनकी आत्मा को कितनी शांति मिली होगी। उन्होंने जो सशक्त और समृद्ध बंगाल का सपना देखा था। वह कई दशकों से इंतजार कर रहा था। आज बंगाल की जनता ने भाजपा कार्यकर्ताओं को वह अवसर दिया है। बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है। आज से बंगाल भयमुक्त और विकास के भरोसे से युक्त होगा।

 

यह भी पढ़ें: 'बंगाल में कमल खिल गया…' प्रचंड जीत के बाद PM मोदी ने किया पोस्ट

जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं को जीत समर्पित: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में हमारे कितने कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन इस जीत के लिए समर्पित किया। भाजपा की कितनी महिला कार्यकर्ताओं को कितने अत्याचार सहने पड़े हैं। केरल और बंगाल में भाजपा के हर कार्यकर्ताओं को कितनी मुसीबतें झेलनी पड़ी। उन पर कितने जुल्म और अत्याचार हुए हैं। आज बंगाल में बीजेपी की सफलता का श्रेय ऐसे सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवार को देता हूं। पीएम मोदी ने बंगाल में मिली जीत को बंगाल की जनता को समर्पित किया।

 

पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की पावन धारा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है। एक ऐसा सवेरा... जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया। भाजपा ने जितनी सीटें जीती, वह महज एक चुनावी आंकड़ा नहीं है। यह उस अडिग विश्वास की हुंकार है, जिसने डर, तुष्टिकरण और हिंसा की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंका है। आज से बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है, जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। 


और पढ़ें