एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी और मानहानि के मुकदमे के बीच योग गुरु बाबा रामदेव और पूर्व बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने मुलाकात की। रामदेव के दफ्तर ने मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। फोटो में बृजभूषण शरण सिंह और बाबा रामदेव हाथ मिलाते और मुस्कुराते दिख रहे हैं। हाल ही में बाबा रामदेव की कंपनी पंतजलि फूड ने बृजभूषण के खिलाफ मध्य प्रदेश में 50 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।
उस वक्त मुकदमे से जुड़े सवाल पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा था कि अगर बाबा रामदेव जेल करवा देंगे तो वह अपनी जमानत नहीं करवाएंगे। कैसरगंज के पूर्व सांसद कई मौकों पर पंतजलि के उत्पाद खासकर घी की आलोचना कर चुके हैं। हालिया विवाद की वजह 2022 में दिया गया बृजभूषण शरण सिंह का एक बयान था। इमसें उन्होंने कहा था कि पतंजलि कैसे 500 रुपये किलो की दर से देसी घी बेच रही है।
यह भी पढ़ें: मोसाद ने जब किया 21वीं सदी का सबसे हैरतअंगेज ऑपरेशन, दुनिया चौंकी और डरी भी
बाबा रामदेव और बृजभूषण के बीच हुई सुलह
एक अन्य बयान में बृजभूषण सिंह ने कहा था, 'बाबा रामदेव के चेले किसी और को धमकाएं, मुझे मत धमकाए।' मुलाकात के बाद बाबा रामदेव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें उन्होंने बताया कि बृजभूषण शरण सिंह ने पूरे मामले का पटाक्षेप कर दिया है। उन्होंने पूर्व सांसद का धन्यवाद भी अदा किया। रामदेव ने घोषणा की वह भी पूरे मामले को अपनी तरफ से भी खत्म कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी विवाद को बढ़ाना नहीं चाहते हैं। पिछले दिनों एक और विवाद उठा। हमने उसे भी वहीं पर दफन कर दिया।
पूरे विवाद का पटाक्षेप हो गया
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबा रामदेव ने कहा, 'आज बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से मुलाकात हुई। उन्होंने भी शायद सुनी-सुनाई बातों के ऊपर... इधर-ऊधर से किसी ने बोल दिया। कहीं वीडियो देख लिया और उसके आधार पर उनके चित्त पर शायद कुछ भ्रांति आ गई थी। आज उन्होंने भी सारे मामले का पटाक्षेप कर दिया। हम उनको ह्रदय से धन्यवाद देते हैं। एक व्यक्ति का यही विवेक होना चाहिए कि किसी भी कारण से कोई भी गलतफहमी आए उसको खत्म करो।'