उत्तर प्रदेश के जिला बागपत में राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षाकर्मी सौरभ तोमर पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दीपावली की रात सौरभ को गोली मारकर फरार हुए दोनों आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को बूढ़पुर गांव के जंगल में पुलिस ने घेराबंदी कर धीरज और मोनू को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान मुख्य आरोपी धीरज ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। दूसरे आरोपी मोनू को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। घायल धीरज को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मामला बागपत के रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव का है। दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि इसी दौरान धीरज और मोनू सौरभ तोमर के घर पहुंचे और वहां फायरिंग कर दी। हमलावरों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद लाठी-डंडों से भी हमला किया गया। गोली सौरभ के सिर में लगी, जबकि उनके भाई विनीत भी मारपीट में घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
यह भी पढ़ें: गंगा एक्सप्रेस-वे पर अब 80 से ज्यादा नहीं होगी कारों की रफ्तार, बदल गए नियम
गन्ने के खेत में घिरे आरोपी, धीरज ने पुलिस पर चलाई गोली
बागपत के पुलिस अधीक्षक पूर्णेंदु सिंह के मुताबिक, घटना के बाद रमाला थाने में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई थीं। लगातार दबिश के बावजूद आरोपी हाथ नहीं आ रहे थे। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों बूढ़पुर गांव के जंगल में मौजूद हैं। इसके बाद रमाला पुलिस टीम ने बूढ़पुर रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर ट्यूबवेल के पास घेराबंदी की और गन्ने के खेत में दोनों को घेर लिया।
पुलिस के मुताबिक, खुद को चारों तरफ से घिरा देखकर मुख्य आरोपी धीरज ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली धीरज के पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दूसरे आरोपी मोनू को भी दौड़ाकर पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के बाद दोनों कहां छिपे थे और उनके पास हथियार कहां से आए थे।
तीन राउंड फायरिंग, लाठी-डंडों से भी हमला
सौरभ तोमर के भाई विनीत के मुताबिक, दीपावली की रात हमलावर उनके घर पहुंचे थे। पहले तीन राउंड फायरिंग की गई और फिर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इसी दौरान सौरभ के सिर में गोली लग गई। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि विनीत को भी चोटें आईं। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे।
सौरभ की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उनके सिर में फंसी गोली बाहर निकाल दी। इसके बाद से उनका इलाज चल रहा है। इस वारदात ने गांव में भी तनाव का माहौल पैदा कर दिया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में चार दिन में एक परिवार के तीन बच्चों की मौत, गांव में हंगामा
छुट्टी पर गांव आए थे सौरभ, पड़ोसियों से हुआ विवाद
सौरभ तोमर राष्ट्रपति भवन में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हैं। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान पटाखे जलाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग और मारपीट की नौबत आ गई। हमले में सौरभ के सिर में गोली लगने से मामला गंभीर हो गया।घटना के बाद पुलिस ने धीरज और मोनू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी।
अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हमले की वजह, इस्तेमाल किए गए हथियार और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की पूछताछ में यह भी स्पष्ट करने की कोशिश होगी कि हमले की योजना पहले से बनाई गई थी या विवाद के दौरान अचानक फायरिंग की गई।