logo

मूड

ट्रेंडिंग:

आज शुरू होगा बारापूला फेज 3, दिल्ली-नोएडा का रास्ता होगा आसान, पढ़ें पूरी डीटेल

बारापुला फेज 3 का उद्गाटन आज होना है। इस रास्ते के शुरू होने के बाद दिल्ली से नोएडा और पूर्वी दिल्ली पहुंचने में कम समय में पहुंचा जा सकेगा और जाम भी कम लगेगा। 

yamuna river bridge for barapullah phase 3

बारापुला फेज-3 के लिए यमुना नदी पर बना पुल, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

दिल्ली और नोएडा वासियों के लिए एक लंबा इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंगलवार यानी 29 सितंबर को बारापूला फेज 3 एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करेंगे। इसके चालू हो जाने के बाद DND फ्लाइवे और सरायकाले खां-अक्षरधाम रोड के बीच एक तीसरा रास्ता खुल जाएगा जिससे दिल्ली से सीधे मयूर विहार पहुंचा जा सकेगा। उम्मीद की जा रही है कि इससे डीएनडी, सराय काले खां और अक्षरधाम फ्लाइओवर पर लगने वाले जाम में कमी आएगी। रोचक बात है कि यह प्रोजेक्ट 11 साल के लंबे इंतजार के बाद पूरा हुआ है और अब इसे आम जनता के लिए खोला जा रहा है। 

 

हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी इस रोड का निरीक्षण किया था। इस बारे में मंत्री प्रवेश वर्मा का कहना है कि इससे पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के लोगों को जाम से राहत मिलेगी। बता दें कि तमाम समस्याओं के चलते इस प्रोजेक्ट के लिए जमीन ही नहीं मिल पा रही थी जिसके चलते यह प्रोजेक्ट लेट होता गया और कुल 11 साल में इसे पूरा किया जा सका है। 

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली में SIR के बाद आपको भी मिला नोटिस? अब BLO घर आकर मांगेंगे कागज

 

केंद्रीय मंत्री अमित शाह आज बारापूला फेज 3 का उद्घाटन करने के साथ ही मोदी मिल-कालकाजी फ्लाइओवर और सावित्री सिनेमा फ्लाइओवर का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा, वह मुकरबा चौक अंडरपास का उद्घाटन भी करेंगे। इस तरह आज दिल्ली के लिए कुल 1941 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली परियोजनाओं का लोकार्पण या शिलान्यास किया जाएगा। 

किन लोगों को मिलेगी राहत?

मौजूदा समय में दिल्ली के ही मयूर विहार, चिल्ला गांव, न्यू अशोक नगर, कल्याण पुरी और विनोद नगर जैसे इलाकों में रहने वाले लोग दिल्ली जाने के लिए या तो डीएनडी पकड़ते हैं या फिर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे वाले रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। इसका असर यह होता है कि इन दोनों ही रास्तों के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पीक आवर्स में चोक हो जाते हैं और हर दिन चिल्ला गेट, अक्षरधाम फ्लाइओवर, डीएनडी और सराय काले खां पर भारी जाम लगता है।

इस रास्ते के चालू हो जाने का असर यह होगा कि जब आप एम्स और दक्षिणी दिल्ली से बारापूला फ्लाइओवर से आएंगे तो आपको सराय काले खां के पास डीएनडी के लिए एग्जिट नहीं लेना होगा। आप सीधे उसी रास्ते पर चलते हुए मयूर विहार फेज 1 मेट्रो स्टेशन के पास पहुंच सकेंगे। यहां से एक रैंप बनाया गया है जिसकी मदद से आप सीधे नोएडा की ओर मुड़ सकेंगे और आपको रेड लाइट पर भी नहीं फंसना होगा। 

 

यह भी पढ़ें: पार्किंग फीस दोगुनी, 50% WFH, बेहतर AQI के लिए क्या फैसले ले रही दिल्ली सरकार?

 

इसी तरह दिल्ली जाने के लिए आप मयूर विहार फेज 1 मेट्रो स्टेशन से ही बारापूला फ्लाइओवर पर चढ़ सकेंगे और सीधे एम्स तक जा सकेंगे। उम्मीद की जा रही है कि इस रास्ते के खुल जाने से जाम कम लगेगा और लोगों के सफर में लगने वाला समय भी बचेगा।

क्या है बारापूला फेज-3 की कहानी?

साल 2014 में मंजूर हुए इस प्रोजक्ट पर काम 2015 में शुरू हुआ था। इसे 2017 में ही पूरा कर लिया जाना था लेकिन अब जाकर यह कुल 9 साल की देरी से पूरा हो रहा है। इसका नतीजा यह हुआ है कि पहले इस पर कुल 1260.63 करोड़ रुपये खर्च होने थे लेकिन इसे कुल 1635.03 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा सका है।

 

इस प्रोजेक्ट में देरी की सबसे बड़ी वजह जमीन का अधिग्रहण था। प्रोजेक्ट के पिलर्स यमुना नदी के अंदर बनाए जाने थे और गांवों की जमीन ली जानी थी। इसके बाद फिर कई ऐसे पेड़ थे जिनको काटने की अनुमति मिलने में भी काफी समस्या हुआ। नदी के अंदर बना खास पुल बनाने में भी काफी समय लगा और बार-बार बारिश के चलते इसे बनाने में समस्याएं भी आईं।

 

कुल 3.5 किलोमीटर लंबा यह प्रोजेक्ट पूरी तरह से एलिवेटेड है। यह सराय काले खां को मयूर विहार फेज 1 से जोड़ता है। इसका असर यह होगा कि आप सराय काले खां से सिर्फ 5 मिनट में और एम्स से 15 मिनट में मयूर विहार पहुंच सकेंगे।

इस प्रोजेक्ट की एक और खास बात है कि इसके पूरे रास्ते पर साइकिल ट्रैक अलग से बनाया गया है। उसे मुख्य सेक्शन से बिल्कुल अलग रखा गया है और पुल पर भी उसका हिस्सा अलग है। माना जा रहा है कि इससे साइकिल सवार लोगों को भी इस रास्ते का इस्तेमाल करने में आसानी होगी।   

Related Topic:#Delhi News

और पढ़ें