परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार को डीएमके, शरद पवार की एनसीपी (एसपी) के बाद तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (BRS) का समर्थन मिल गया है। हालांकि पार्टी ने यह समर्थन शर्तों के साथ दिया है। एक दिन पहले ही केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन बिल 2026 को मंजूरी दी। सोमवार को संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। इसी दौरान सरकार सदन के समक्ष विधेयक को पेश करेगी।
शनिवार को बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव (KTR) ने कहा कि तेलंगाना के साथ कोई अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीटों में 50 फीसद की बढ़ोत्तरी हमारी चिंताओं का समाधान करती है। तेलंगाना के हितों को ध्यान में रखते हुए पार्टी के तीनों राज्यसभा सांसद बिल के समर्थन में मतदान करेंगे।
यह भी पढ़ें: ब्रिटेन में अमेरिकी बेस तक पहुंचे ईरानी ड्रोन, रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे
'तेलंगाना के खिलाफ अन्याय बर्दाश्त नहीं'
केटी रामा राव ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'परिसीमन पर हमारा रुख हमेशा से साफ रहा है। दक्षिण भारत के संसदीय प्रतिनिधित्व में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। तेलंगाना के साथ कोई भी अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हमने लगातार यह मांग की है कि संसद में दक्षिण भारत की मौजूदा 24% हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए।'
'हमारी चिंताओं का समाधान हो गया'
उन्होंने आगे कहा, 'सीटों में प्रस्तावित 50% की बढ़ोतरी, जिसमें 2051 तक राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व के अनुपात को न बदलने की सुरक्षा भी शामिल है, हमारी इस मुख्य चिंता का समाधान करती है। इससे तेलंगाना की लोकसभा सीटों की संख्या 17 से बढ़कर 26 हो जाएगी।'
बिल के समर्थन में मतदान करेंगे हमारे सांसद: बीआरएस
केटीआर ने तेलंगाना के हितों का हवाला दिया और लिखा, 'तेलंगाना के हितों को सर्वोपरि रखते हुए हमारे तीनों राज्यसभा सांसद इस प्रस्ताव के पक्ष में मतदान करेंगे। हमने हमेशा महिलाओं के आरक्षण का समर्थन किया है और हम इसे लागू करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।'
यह भी पढ़ें: परिसीमन पर विरोधी दलों के बदलते रुख की कहानी क्या है?
समर्थन में आने लगे विपक्षी दल
केंद्र सरकार ने इसी साल 17 अप्रैल को परिसीमन बिल लोकसभा में पेश किया था। तब दो-तिहाई बहुमत न मिलने पर विधेयक गिर गया था। मगर अबकी बार कई विपक्षी दल केंद्र सरकार के साथ आ चुके हैं। इस लिहाज से आगे की राह आसान दिख रही है। पिछली बार विरोध जताने वाली डीएमके और एनसीपी (शरद पवार) ने बिल का खुला समर्थन किया है। भले ही संसद में बसपा का कोई सदस्य न हो, लेकिन पार्टी सुप्रीमो मायावती ने भी विधेयक का स्वागत किया।