अयोध्या में राम मंदिर चंदा चोरी के मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। राम भक्तों ने जो दान राम मंदिर निर्माण और व्यवस्था के लिए दिया था उसी दान को चोरी कर लिया गया। इस मामले में कुछ गिरफ्तार भी हुए हैं और जांच जारी है। इस मामले के सामने आने के बाद कई लोग अपने दान का हिसाब मांग रहे हैं और आरोप भी लगाए हैं कि दान की राशि की रसीद भी उन्हें नहीं मिली। इस पूरे विवाद पर बहस के बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के विधायक सतीश महाना का बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने कहा कि जिनका दान चोरी हुआ है उन्होंने श्रद्धा से यह दान नहीं दिया था।
सतीश महाना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा, 'जिन लोगों को लगता है कि उनका दान चोरी हो गया, शायद उन्होंने सच्ची श्रद्धा से दान नहीं दिया था। इसलिए उन्हें ऐसा लग रहा है। हमारा पैसा चोरी नहीं हुआ। हमारा पैसा मंदिर में लगा है और आज मंदिर जिस स्वरूप में दिखाई दे रहा है, वही इसका प्रमाण है।'
यह भी पढ़ें: बारिश के बीच लू का अलर्ट, पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों में उमस बनेगी आफत
दिग्विजय सिंह पर साधा निशाना
सतीश महाना उन लोगों पर निशाना साधने की कोशिश कर रहे थे जो राम मंदिर में दिए अपने दान का हिसाब मांग रहे थे। उनसे सवाल किया गया कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपने चंदे को वापस मांग रहे हैं। इस सवाल के जवाब में सतीश महाना ने कहा कि दिग्विजय सिंह बताएं कितना दान दिया है, मैं खुद अपनी तरफ से उनका पैसा वापस करूंगा। उन्होंने बताया कि ये सब लोग मेंदिर बनाने के विरोध में थे। उन्होंने दिग्विजय सिंह की यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अगर राम मंदिर बनाने के लिए यात्रा करते तो अच्छा होता।
विपक्ष लगा रहा आरोप
सतीश महाना का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राम मंदिर चंदा चोरी के मामले में भारतीय जनता पार्टी पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी और संघ के सहयोगी संगठनों ने राम मंदिर आंदोलन और निर्माण में अहम भूमिका निभाई। इसलिए चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद बीजेपी और मंदिर ट्रस्ट पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्ष बीजेपी पर राम के नाम पर राजनीति और मंदिर का चंदा चोरी करने का आरोप लगा रही है।
यह भी पढ़ें: 1 साल में 35% बढ़ा गहनों का एक्सपोर्ट, ग्लोबल ज्वैलरी मार्केट में कहां है भारत?
सतीश महाना को घेरा
अब सतीश महाना के इस बयान के बाद विपक्ष उन पर हमलावर है। आम आदमी पार्टी के नेता सोमनाथ भारती ने पलटवार करते हुए कहा, 'सतीश महाना जी, ये किस प्रकार का दलील है? हिंदू बेबकूफ नहीं है, इस प्रकार की दलीलों से एक बात तो साफ-साफ जाहिर है कि बीजेपी की नियत चोरों को सजा दिलवाने में बिल्कुल ही नहीं है क्यों श्रद्धेय अटल जी की बात में दम है!'
राम मंदिर चंदा चोरी मामले के खुलासे के बाद से भारतीय जनता पार्टी पर विपक्ष हमलावार है और पार्टी असहज स्थिति में आ गई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बीजेपी को इस मुद्दे से नुकसान होने की संभावना है। बीजेपी के नेता इस मामले में जांच के बाद सभी आरोपियों को सजा देने की बात कर रहे हैं। वहीं, विपक्ष बड़े लोगों को बचाने का आरोप लगा रहा है।