भारतीय जनता पार्टी के चार बार के लोकसभा सांसद निशिकांत दुबे ने पूर्व वित्त सचिव सुभाष गर्ग द्वारा उनके खिलाफ दिए गए बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी और आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया है। दुबे ने गर्ग को कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। सोमवार को निशिकांत ने कहा कि सुभाष गर्ग सात दिनों के भीतर माफी मांगें या कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।
नितिकांत दुबे के इस आरोप पर फिलहाल सुभाष गर्ग की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दरअसल, एक पॉडकास्ट में सुभाष गर्ग ने कथित तौर पर कहा था कि बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे एक बार कुछ काम कराने के सिलसिले में उनके कार्यालय आए थे, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था।
यह भी पढ़ें: 'राम मंदिर में चोरी के 105 मामले मिले', SIT की जांच में सामने क्या आया?
निशिकांत दुबे की प्रतिक्रिया
भारत के पूर्व वित्त सचिव रह चुके सुभाष गर्ग के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए निशिकांत दुबे ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, 'ये जो सुभाष गर्ग, पूर्व वित्त सचिव की बदमिजाजी है, उसे मैंने ठीक करने का फैसला किया है, मैंने उनके ऊपर आपराधिक मानहानि का मामला दायर किया है, क्योंकि उन्होंने अपने दफ्तर में मेरे साथ मुलाकात का जिक्र किया है।'
'सुभाष गर्ग सात दिनों के भीतर माफी मांगें'
बीजेपी सांसद ने एक्स ही पर एक दूसरी पोस्ट में कहा, 'सुभाष गर्ग सात दिनों के भीतर माफी मांगें, अन्यथा मैं उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भिजवाने का प्रयास करूंगा।' उन्होंने कुछ दस्तावेज भी शेयर किए हैं, जो सुभाष गर्ग को भेजे गए कानूनी नोटिस की प्रति प्रतीत होते हैं।
यह भी पढ़ें: UNSC में 8 बार पहुंचा भारत, फिर भी क्यों चाहिए स्थायी सीट? जानिए इनसाइड स्टोरी
निशिकांत ने दिया दावा
दुबे ने आगे कहा, 'मैं सन 2009 में सांसद बना और तबसे लेकर आजतक मैं भारत सरकार के दफ्तर में नहीं गया हूं, क्योंकि सचिव भारत सरकार प्रोटोकॉल में सांसद से नीचे हैं। दूसरा 2009 से लेकर आजतक मैंने कभी भी तबादला-पोस्टिंग की कोई चिट्ठी नहीं लिखी है।' भाजपा नेता ने कहा, 'देश की अर्थव्यवस्था को डुबाने वाले सुभाष का रास्ता जेल की ओर जाता है।'