रामलीला मैदान में रविवार को प्रस्तावित कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन से पहले बीजेपी ने
राहुल गांधी
पर निशाना साधा। बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को सुकून देने की खातिर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन कर रही है। उन्होंने कांग्रेस सांसद पर बार-बार अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मॉक पार्लियामेंट की मॉकिंग एक प्रकार से विश्व बैंक के कठोर आंकड़ों ने ही कर दी है।
सुधाशुं त्रिवेदी ने कहा, 'भारत में अराजकता फैलाने में बार-बार असफल रहने के बाद कांग्रेस पार्टी अब अपने 'अनोखे' राजकुमार राहुल गांधी को खुश करने के लिए एक 'नकली संसद' (mock parliament) का नाटक रच रही है, ताकि उन्हें यह भ्रम हो सके कि वे अपनी मर्जी से संसद में मौजूद हैं, लेकिन कांग्रेस के लिए शर्म की बात यह है कि उनके इस 'नकली संसद' के विचार का अब सीमा पार से भी मजाक उड़ाया जा रहा है।'
यह भी पढ़ें: 'जिसे दिल्ली नहीं हैंडल कर पाती मैं उसके निशाने पर', हार पर बोले संजयन त्रिपाठी
कांग्रेस का मजाक उड़ा रहे विश्व बैंक के आंकड़े
त्रिवेदी ने विश्व बैंक के हलिया आंकड़ों को साझा किया और कहा कि यह आंकड़े ही कांग्रेस के मॉक संसद का मजाक उड़ा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'विश्व बैंक ने 2025 की एक रिपोर्ट जारी की। इसमें भारत की तारीफ की गई है। रिपोर्ट के अनुसार 2012 से 2023 के बीच भारत ने 27.6% लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला। अब अत्यधिक गरीबी में रहने वाले लोगों की संख्या घटकर केवल 2.6% रह गई है।'
रिपोर्ट के आधार पर बताया कि आज के मानकों के अनुसार 2011 में 57.7% आबादी 4.2 डॉलर से कम कमाती थी, जबकि अब यह आंकड़ा घटकर सिर्फ 16% रह गया है। भारतीय रुपयों में कहें तो केवल 16% आबादी ऐसी है, जो रोजाना 400 रुपये से कम कमाती है, यानी 84% भारतीय रोजाना 400 रुपये से ज्यादा कमा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: कभी UP विधान परिषद में था शिक्षक संगठनों का दबदबा, अब अकेले पड़े राजबहादुर चंदेल
'राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस हताश'
बीजेपी सांसद ने कहा कि विश्व बैंक की रिपोर्ट दिखाती है कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
के नेतृत्व में भारत किस तरह तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह बिल्कुल साफ है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भाजपा और एनडीए प्रभावी ढंग से गरीबी को खत्म कर रही है। दूसरी तरह कांग्रेस पार्टी अपने नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरी तरह हताश हो चुकी है। राहुल गांधी के हर कदम और हर बात में कोई निरंतरता नहीं होती। वे प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता से हटाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन देश की जनता उन्हें लगातार नकार रही है।
'अराजकता की आग फैलाने में लगी कांग्रेस'
सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस मॉक पार्लियामेंट की मॉकिंग एक प्रकार से विश्व बैंक के कठोर आंकड़ों ने ही कर दी है। इसलिए हम एक ही पंक्ति में कहेंगे कि एक तरफ मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए भारत से गरीबी हटाने के लिए प्रयासरत हैं तो दूसरी तरफ राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी, मोदी को हटाने में नाकाम रहने के बाद अराजकता की आग फैलाने में लगी है।