चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन एस राजा सुब्रमणि ने शुक्रवार को कहा कि चीन और तुर्किये की मदद से पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इससे भारत की सुरक्षा के हिसाब-किताब में एक नया पहलू जुड़ गया है। सीडीएस ने कहा है कि अब भारत को अपनी अंतरिक्ष क्षमता मजबूत करने की जरूरत है।
सुब्रमणि विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन में 'फ्यूचर ऑफ वारफेयर एंड इंडियाज प्रिपेयर्डनेस टू कंडक्ट मल्टी-डोमेन ऑपरेशन्स' विषय पर बोल रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान की अंतरिक्ष क्षमता चीन की मदद से बेहतर हो रही है। पाकिस्तान का अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको (SUPARCO) भी अपनी क्षमता विकसित करने में लगा है। अब हमें यह भी मानकर चलना होगा कि इसमें तुर्की भी मदद करेगा।'
यह भी पढ़ें: पड़ताल: चीन से तुर्किये तक, सैकड़ों न्यूड वीडियो कॉल एप्स के पीछे कौन?
चीन की तकनीक पाकिस्तान को मिलेगी
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक सीडीएस एन एस राजा सुब्रमणि ने कहा कि निगरानी, टोही और खुफिया जानकारी (ISR) के साथ पोजिशनिंग, नेविगेशन और टाइमिंग में चीन के पास जो भी क्षमता है, वह पाकिस्तान को उपलब्ध होगी।
CDS जनरल एन एस राजा सुब्रमण:-
हमें इसे अपने हिसाब-किताब में शामिल करना होगा। उनकी आईएसआर और दूसरी क्षमताएं बेहतर होंगी। हमें अपनी क्षमता बढ़ाने पर ध्यान देना होगा।
क्यों CDS ने जताया है डर?
CDS जनरल सुब्रमणि का यह बयान पाकिस्तान, चीन और तुर्की के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग की के बीच आई है। यह सहयोग पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चर्चा में आया था। चीन तेजी से अपनी अंतरिक्ष क्षमता बढ़ा रहा है। उसके पास जैमर की मदद से सैटेलाइट सिग्नल में बाधा डालने की क्षमता है। उसके पास सैटेलाइट को निष्क्रिय करने वाली एंटी-सैटेलाइट तकनीक भी मानी जाती है।
भारत की तैयारी क्या है?
सीडीएस ने कहा कि स्पेस बेस्ड सर्विलांस (एसबीएस) मिशन का तीसरा चरण भारत की क्षमता को काफी बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ और सैटेलाइट बनाने और लॉन्च करने के तरीकों पर भी काम हो रहा है। इसके लिए निजी क्षेत्र के उद्यमियों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
एसबीएस-III को अक्टूबर 2024 में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी ने मंजूरी दी थी। इसके तहत अगले तीन साल में 52 खास सैन्य सैटेलाइट लॉन्च करने की योजना है। इस परियोजना की लागत 26,968 करोड़ रुपये है।
परियोजना कौन संभाल रहा है?
परियोजना की अगुवाई इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ मुख्यालय के तहत आने वाली डिफेंस स्पेस एजेंसी कर रही है। इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (ISRO) 21 सैटेलाइट बनाएगा और लॉन्च करेगा। बाकी 31 सैटेलाइट निजी कंपनियां बनाएंगी।
यह भी पढ़ें: चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचे पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री, क्यों खास है यह मिशन?
पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री चीन के यान से रवाना
सीडीएस का बयान ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले पाकिस्तानी वायुसेना के पायलट मोहम्मद जीशान अली चीन के शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान से रवाना हुए। वह चीन के अंतरिक्ष स्टेशन तियांगोंग जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री हैं। चीन ने बुधवार को इस यान को तीन अंतरिक्ष यात्रियों के साथ लॉन्च किया था। इनमें दो चीनी और एक पाकिस्तानी थे।
स्पेस शिप ने उत्तर-पश्चिमी चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से उड़ान भरी। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने एक-दूसरे को बधाई के पत्र भेजे हैं। पाकिस्तान और चीन के साझा मिशन पर भारत की नजरें टिकी हैं।