नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ के मिशन पर सुरक्षा बलों के जवान तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में चुन-चुनकर सुरक्षा बलों के जवान नक्सलियों को ढेर कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ के जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 26 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। हमले में सुरक्षा बलों की मदद करने वाले एक शख्स की मौत हुई है, वहीं एक जवान घायल है। जवान की हालत अभी खतरे से बाहर है। कुछ और नक्सली मारे जा सकते हैं। सुरक्षा बल मारे गए नक्सलियों के पास से हथियार और दूसरे अहम सामान जब्त कर रहे हैं। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा, '26 से ज्यादा नक्सलियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। एक जवान घायल हुआ है लेकिन खतरे से बाहर है। हमारा एक सहयोगी शहीद हो गया है।' डिप्टी सीएम ने कहा है कि जो शहीद हुए हैं, उन पर सरकार का ध्यान है। जवानों ने करिश्मा कर दिखाया है। अब अंतिम सर्च ऑपरेशन चल रहा है, छत्तीसगढ़, नक्सलवाद से मुक्त होकर रहेगा।
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साओ ने कहा है, 'बस्तर को नक्सल मुक्त करने का अभियान चल रहा है। हमारे जवान ठोस और मजबूत तरीके से नक्सल मुक्त अभियान में जुड़े हुए हैं। नारायणपुर जिले में 26 से ज्यादा नक्सली मारे गए हैं। बस्तर मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: जनवरी से अब तक 81 नक्सली ढेर, क्या नक्सलफ्री होगा छत्तीसगढ़?

आंकड़ों से समझिए कैसे घट रहा है नक्सलवाद
साल 2004 से 2024 के बीच नक्सली हिंसा की 16,463 घटनाएं सामने आई थीं। साल 2014 से नक्सली घटनाओं में कमी आनी शुरू हुई। 2014 से 2024 के बीच नक्सली हिंसा की घटनाएं घटकर 53 प्रतिशत तक सिमट गईं। इस दौरान 7,744 घटनाएं सामने आईं। 2004 से लेकर 2024 के बीच 1851 नक्सली मारे गए थे लेकिन 2014 से 2024 के बीच यह संख्या 509 तक आ गईई। मौत की संख्या में 70 प्रतिश गिरावट आई, पहले 4766 मौतें हुई थीं, 2014 से 2025 के बीच 1495 मौतें दर्ज की गईं।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में बड़ा ऑपरेशन, 16 नक्सली ढेर, 1 करोड़ का इनामी भी मारा गया
साल 2014 तक कुल 66 फोर्टिफाइड पुलिस स्टेशन थे। 2014 से 2024 के बीच इन्हें बढ़ाकर 612 किया गया। 2014 तक देश के 126 जिले नक्सल प्रभावित थे, वहीं अब सिर्फ 12 जिले नक्सल प्रभावित हैं। अब नक्सल प्रभावित इलाकों में 302 नए सुरक्षा कैंप और 68 नाइट लैंडिंग हेलीपैड्स बनाए गए हैं। छत्तीसगढ़ में सरकार एंटी नक्सल अभियान चला रही है।