भारत में होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन से पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर अब सस्पेंस खत्म होता नजर आ रहा है। चीनी विदेश मंत्रालय ने पहले इस दौरे के बारे में कोई भी जानकारी ना होने की बात कही थी लेकिन अब जानकारी सामने आ रही है कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग भारत आ रहे हैं। न्यूज एजेंसी ANI की रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
के निमंत्रण पर शी जिनपिंग 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि चीनी विदेश मंत्रालय ने अब इस बात की पुष्टि कर दी है। इसके बाद अब शी जिनपिंग के भारत दौरे को लेकर सस्पेंस खत्म हो गया है।
यह भी पढ़ें: 'मृतक के बेटे का वीडियो देखो', राहुल गांधी ने मांगा इस्तीफा तो AAP ने दी नसीहत
कहां उलझा था मामला?
भारत इस साल 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इस दौरे में कई प्रमुख नेता पहुंच रहे हैं लेकिन शी जिनपिंग के पहुंचने को लेकर उस समय असमंजस की स्थिति पैदा हो गई थी, जब चीनी विदेश मंत्रालय से उनके दौरे की स्पष्ट पुष्टि नहीं की गई। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से गुरुवार को सवाल किया गया कि क्या चीनी राष्ट्रपति इस हफ्ते भारत में होने वाले इस सम्मेलन में शामिल होंगे, तो चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा, 'आपके सवाल के बारे में मेरे पास अभी देने के लिए कोई भी जानकारी नहीं है।' इसके बाद से उनके दौरे को लेकर कई तरह की अटकलें लगने लगी।
सात साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग
शी जिनपिंग का भारत दौरा काफी अहम है क्योंकि वह सात साल बाद भारत आ रहे हैं। शी जिनपिंग आखिरी बार अक्टूबर 2019 में भारत आए थे। इन सात सालों में दोनों देशों के रिश्तों में कई बार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। हाल के वर्षों में सीमा विवाद और 2020 के गलवान संघर्ष के बाद रिश्तों में तनाव रहा है। हालांकि, पिछले कुछ समय में दोनों देशों के बीच कूटनीतिक स्तर पर संबंधों को सामान्य करने की कोशिशें तेज हुई हैं। ऐसे में अब इस सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और शी जिनपिंग की संभावित मुलाकात पर दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं।
यह भी पढ़ें: पहले तारीफ अब जबरन अंतिम संस्कार का आरोप, गुलजार के बेटे ने AAP को फंसा दिया?
पुतिन भी आ रहे भारत
18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी भारत आ रहे हैं। यह सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होगा और भारत इसकी अध्यक्षता कर रहा है। इस सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष शामिल हो रहे हैं लेकिन पूरी दुनिया की नजर 'G-3' यानी भारत, रूस और चीन पर है। कूटनीतिक रूप से इन तीनों राष्ट्राध्यक्षों का दिल्ली में एक मंच पर आना काफी अहम माना जा रहा है।