लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष और केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें यह धमकी डाक के जरिए भेजे गए एक पत्र में दी गई है। इस धमकी को उनके मंत्रालय ने गंभीरता से लिया है और केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।
चिराग पासवान को मिले धमकी भरे पत्र में लिखा गया है कि उन्हें जान से मार दिया जाएगा। पत्र में लिखा, 'तुम्हें जल्द ही हार्डकोर आतंकी मार डालेंगे।' पत्र मिलने के बाद मंत्रालय में हडकंप मच गया और इस मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई है। हालांकि, अभी यह सामने नहीं आया है कि यह पत्र किसने भेजा और इसके पीछे किसका हाथ है।
यह भी पढ़ें: चौथे स्टेज का कैंसर भी नहीं तोड़ पाया हौसला, कीमोथेरेपी के बावजूद पास कर ली TET
डाक से भेजा गया धमकी भरा पत्र
जानकारी के मुताबिक, चिराग पासवान को डाक के जरिए यह धमकी मिली। पत्र में उन्हें सीधे तौर पर जान से मारने की बात कही गई है। धमकी में हार्डकोर आतंकवादियों का जिक्र किया गया है। इसके बाद मंत्री कार्यालय ने तुरंत केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि धमकी भरा पत्र कहां से भेजा गया और इसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान क्या है। पत्र में लिखे कंटेट और उससे जुड़ी अन्य जानकारियों की भी जांच की जा रही है।
किसी आतंकी संगठन ने दी धमकी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि धमकी देने वाले का कोई आतंकी संगठन से संबंध है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में स्थिति साफ हो सकेगी। सुरक्षा एजेंसियां धमकी के सोर्स और इसके पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। चिराग पासवान केंद्र सरकार में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष हैं। ऐसे में हाई प्रोफाइल नेता को मिली इस धमकी के बाद पूरे देश में चर्चा हो रही है और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।