सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को एक वकील और चीफ जस्टिस सूर्यकांत (CJI) के बीच तीखी बहस हो गई। इस दौरान वकील ने CJI को कह दिया कि आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और आपमें ईमानदारी नहीं है। वकील के इस टिप्पणी को बाद कोर्ट रूम में माहौल गंभीर हो गया। कार्यवाही का लाइव ऑडियो-वीडियो तुरंत बंद कर दिया गया और वकील को कोर्ट रूम से बाहर कर दिया गया।
अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) ने कोर्ट की कार्यवाही के दौरान CJI के खिलाफ गलत टिप्पणी करने वाले वकील के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई की मांग करते हुए SC का दरवाजा खटखटाया है। सुप्रीम कोर्ट ने बार एसोसिएशन की इस मांग पर बुधवार को सुनवाई करने पर सहमति जताई है।
यह भी पढ़ें: 'गर्लफ्रेंड को उसी रेस्टोरेंट ले गया', सोनिया गांधी की बुक लॉन्च में बोले राहुल
क्या है पूरा मामला?
सुप्रीम कोर्ट में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत और एक वकील के बीच तीखी बहस हो गई। वकील अपने एक मामले की जल्द सुनवाई चाहते थे। वकील ने कहा कि 2 नवंबर को उन्होंने अपने मामले से जुड़े कागजात CJI सूर्यकांत के कार्यालय में दिए थे, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। बताया जा रहा है कि वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर भी नाराज थे।
वकील ने 2 बजे सीधे अदालत में मामले का जिक्र करने के लिए पहले माफी मांगी और फिर बेंच से कागजात देखने की अपील की। इस बेंच में CJI सूर्यकांत के अलावा जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे। जस्टिस मोहना ने वकील को इस तरह मामले का जिक्र करने से रोका और CJI सूर्यकांत ने उनसे इंतजार करने को कह दिया। इसपर वकील नाराज हो गए और उन्होंने CJI पर व्यक्तिगत टिप्पणी कर दी।
वकील ने क्या कहा?
वकील ने कहा कि आप उस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके लायक नहीं हैं। आपमें उस पद के लिए ईमानदारी नहीं है। इसके बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, सुरक्षा कर्मियों ने संबंधित वकील को कोर्टरूम से बाहर निकाल दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वकील पहले भी उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं। उस मामले में उनके खिलाफ अवमानना की कार्यवाही चल रही है।
वह पहले से चल रहे एक अवमानना मामले को लेकर नाराज था। उसने बार एसोसिएशन से भी शिकायत की कि उसका समर्थन नहीं किया जा रहा है। वकील ने कहा कि बेंच में मौजूद जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना से कोई शिकायत नहीं है लेकिन वह CJI सूर्यकांत को इस पद के योग्य नहीं मानते और उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।
SCBA ने वकील पर कार्रवाई की मांग की
इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन ने वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की मांग करते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया। SCBA का कहना है कि अदालत में इस तरह की टिप्पणी न्यायपालिका की गरिमा और अदालत की कार्यवाही को प्रभावित करती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की सचिव प्रज्ञा बघेल और संयुक्त सचिव मीनेश दुबे ने मंगलवार को CJI के सामने इस मामले को उठाया। उन्होंने बताया कि वकील के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करने की याचिका दायर करने के लिए उन्हें अटॉर्नी जनरल की सहमति मिल गई।
इस याचिका को CJI, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के सामने तत्काल सुनवाई के लिए रखा गया था। सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर बुधवार को सुनवाई करने की सहमति जताई है।