पंजाब में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे आरोप-प्रत्यारोप बढ़ते जा रहे हैं। पंजाब की सरकार चला रही आम आदमी पार्टी (AAP) ने हाल ही में आरोप लगाए थे कि केंद्र सरकार ने पंजाब को मिलने वाले पैसे रोक लिए थे। अब इसी पर केंद्रीय वित्त मंत्री
निर्मला सीतारमण
ने जवाब दिया है। निर्मला सीतारमण ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पंजाब में चुनाव आने वाले हैं तो वे लोग अपने नॉन परफॉर्मेंस पर लीपापोती करके ऐसा बोल रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह कहीं पर भी खड़ी होकर आंख में आंख डालकर यही बात बोल सकती हैं।
इससे पहले AAP ने आरोप लगाए थे कि पंजाब के बकाया पैसे ही केंद्र सरकार ने नहीं दिए हैं। इससे पहले कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अगस्त महीने में कहा था कि पंजाब को ग्रामीण विकास फंड (RDF) के पैसे नियमों के हिसाब से मिलते रहे हैं और किसी तरह का कोई भेदभाव नहीं हुआ है। तब पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा था कि राज्य सरकार ने केंद्र से RDF के लिए संपर्क ही नहीं किया था।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 जिलों के DM बदले, 34 अफसरों का ट्रांसफर
क्या बोलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण?
निर्मला सीतारमण ने कहा है, 'किसी राज्य के साथ कोई ऐसा व्यवहार नहीं होता जिससे राज्य का नुकसान हो या राज्य को कुछ झेलना पड़े। मैं कहीं भी खड़े होकर आंख में आंख डालकर यह बोल सकती हूं। किसी भी राज्य को उनके अधिकार के नाम पर जो पैसा मिलना है, उसमे कोई कटौती नहीं होती, कम नहीं होता और हम समय पर देते हैं। इसलिए ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाना गलत है। पंजाब में चुनाव होने वाले हैं, शायद इसीलिए उनका जो नॉन परफॉर्मेंस है, उस पर लीपापोती करने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं जो कि गलत है।'
यह भी पढ़ें: 3 महीने में नशा खत्म करने का वादा, 4 साल में भगवंत मान सरकार ने क्या-क्या किया?
दरअसल, चुनाव में पंजाब सरकार का बढ़ता कर्ज भी बड़ा मुद्दा बनने जा रहा है। एक तरफ राज्य सरकार के कर्मचारी DA के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। दूसरी तरफ पंजाब सरकार नए-नए कर्ज लेती जा रही है। इसी को लेकर कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिरोमणि अकाली दल पंजाब सरकार चला रही AAP पर हमलावर हैं और लगातार सवाल उठा रही हैं।