देश के कई राज्यों में ठंड का असर अब तेज हो रहा है। वहीं चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के असर से देश के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, चक्रवाती तूफान का बचा हुआ हिस्सा अब डिप्रेशन के रूप में पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। ऐसे में इसके असर से आज देश के कई राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, इसका असर सिर्फ दक्षिण भारत तक सीमित नहीं रहेगा। इसके लिए आज यानी 5 नवंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पढ़ें उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली समेत बाकी राज्यों में आज मौसम कैसा रहेगा।
यह भी पढ़ें: राजस्थान को बिजली बेचकर कितना कमाएगा हिमाचल? सीएम सुक्खू ने बताया आंकड़ा
दिल्ली-NCR में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली NCR में हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और मौसम में हल्की ठंडक महसूस होने की संभावना है। आज राजधानी में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के झोंके चल सकते हैं।
यूपी और बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में भी 5 नवंबर को मौसम का मिजाज बदलने का अनुमान है, कई जिलों में बारिश के साथ सतही हवाएं चल सकती हैं। साथ ही इस दौरान हवा की रफ्तार 35 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, बिहार के कई जिलों के लिए आज मौसम विभाग ने मध्यम बारिश और आंधी का अलर्ट है जारी किया है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब में मौसम का हाल
राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। यहां बारिश और हवाओं के कारण कुछ इलाकों में दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। वहीं, मध्य प्रदेश में कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। यहां मौसम में बदलाव के साथ सुबह और रात के समय हल्की ठंड बढ़ सकती है।
पंजाब की बात करें तो यहां कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा के झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
झारखंड और पश्चिम बंगाल में कैसा रहेगा मौसम?
झारखंड में 5 और 6 नवंबर को मौसम खराब रहेगा, कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका है। आज लगातार बारिश होने पर तापमान में और गिरावट महसूस हो सकती है। वहीं पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 5 नवंबर को तेज बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पहाड़ों पर बर्फबारी, बारिश के आसार
उत्तराखंड के कई जिलों में 5 नवंबर को बारिश और आंधी की संभावना है, पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण फिसलन और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 5 नवंबर को मौसम का असर मैदानी और पहाड़ी दोनों इलाकों में दिख सकता है। इस दौरान ठंड बढ़ने के साथ ऊंचे इलाकों में आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।
इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर में 5 नवंबर को कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से तापमान में गिरावट आएगी। पहाड़ी रास्तों पर फिसलन और भूस्खलन का खतरा भी बना रह सकता है।
दक्षिण भारत में मुरासु का असर
चक्रवात मुरासु के बचे हुए हिस्से का असर दक्षिण भारत के कई राज्यों में आज देखने को मिल सकता है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और बादलों की गरज का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा केरल, माहे, लक्षद्वीप, कर्नाटक, रायलसीमा और तेलंगाना में भी बारिश की संभावना है।
दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है और तेलंगाना और रायलसीमा में भी आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी चक्रवाती सिस्टम के असर से बारिश की संभावना है।