10 अक्टूबर को जंतर-मंतर में
कॉकरोच जनता पार्टी
(CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस ने एक खुला पत्र जारी किया है। इसमें दिल्ली पुलिस ने लोगों से कहा कि आपकी सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल से जारी फोटो में एक पत्र में जनता के नाम संदेश लिखा है। बैकग्राउंड में इंडिया गेट है। पत्र में जंतर-मंतर की डाक टिकट लगी है।
कैप्शन में दिल्ली पुलिस ने लिखा, 'हर नागरिक के नाम एक खुला पत्र, क्योंकि हर वर्दी, हर राय और हर मतभेद से ऊपर हम सब सबसे पहले इंसान हैं।' पत्र में लिखा, 'प्रिय नागरिक, आपकी आवाज आपका हक है और आपकी सुरक्षा हमारा फर्ज। यूनिफॉर्म के पीछे भी एक इंसान है, जिसका अपना परिवार है, अपने लोग हैं, फर्क सिर्फ यूनिफॉर्म का है, इंसानियत का नहीं।'
यह भी पढ़ें: 'गाना नहीं आता लेकिन शर्म तो आती है', अमृता फडणवीस सोशल मीडिया पर हुईं ट्रोल
उधर, पुलिस ने नई दिल्ली क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी है। इसके अलावा 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने का अनुरोध किया है। नई दिल्ली और निजामुद्दीन स्टेशन आने वाले कई ट्रेनों को कैंसिल किया गया है। हरियाणा और यूपी से लगी दिल्ली की सीमाओं पर सख्ती बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था में लगभग 23000 जवानों को तैनात किया गया है। आबकारी विभाग ने 9 और 10 अक्टूबर को शराब के ठेकों को बंद करने का आदेश दिया है।
भीड़ को संयम से नियंत्रित करने का निर्देश
प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा ने शुक्रवार को जवानों को संयम के साथ भीड़ को नियंत्रित करने का निर्देश दिया है। अपने एक्स अकाउंट पर मधुर वर्मा ने लिखा, 'तूफान के लिए तैयार रहें। संयम का अभ्यास करें। शांति की रक्षा करें, क्योंकि पुलिस की असली ताकत केवल भीड़ को नियंत्रित करने में नहीं है, बल्कि अनुशासन, गरिमा और न्यूनतम बल के साथ ऐसा करने में है।'
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 8 से 12 अक्टूबर के बीच दिल्ली में तैनाती के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लगभग 23,000 जवानों को उपलब्ध कराया है। गाजीपुर, चिल्ला, टिकरी, सिंघू, गुरुग्राम, कापसहेड़ा, लोनी और बदरपुर समेत तमाम बॉर्डरों पर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें: प्रदर्शन के लिए दिल्ली आ रहे थे छात्र, पुलिस ने इटारसी में ही ट्रेन से उतार लिया
कैमरों से रखी जा रही निगाह
अधिकारियों का कहना है कि बहुस्तरीय बैरिकेडिंग की जाएगी, ताकि कानून-व्यवस्था को बनाए रखा जा सके। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के जरिए स्थिति पर नजर रखी जाएगी। चेहरे की पहचान करने वाले कैमरों को भी इंस्टाल किया जा रहा है। सीजेपी और विपक्षी दलों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (
SIR
) में कथित धांधली का आरोप लगाया और देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की इस्तीफे की मांग की। उनका कहना है कि जब तक इस्तीफा नहीं होगा तब तक आंदोलन नहीं थमेगा।