उत्तर भारत से पूर्वोत्तर तक, मौसम का मिजाज बदला है। भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। दिन में धूप अगर हो भी रही है तो रात में सुहावना मौसम हो रहा है। एसी की उतनी खपत नहीं है, जितनी अप्रैल के शुरुआती दिनों में थी। अब ऐसा ही मौसम, अगले सप्ताह तक बना रह सकता है। 9 मई से 20 मई तक का मौसम, खुशनुमा रहेगा। हीटवेव वाले दिन, फिलहाल दूर हैं।
ऐसा नहीं है कि पूरे भारत में ही ऐसा मौसम रहेगा। कुछ राज्य हैं, जहां लू के थपेड़े आम लोगों को परेशान करेंगे। ये राज्य, गुजरात और मध्य प्रदेश हैं। यहां के कुछ इलाकों में हीटवेव की वजह से सड़कों पर निकलना थोड़ा मुश्किल होगा लेकिन यहां भी मौसम बदल सकते हैं। मौसम विभाग (IMD) ने यह अनुमान जताया है।
उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में 7 मई को हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। 8 मई को उत्तराखंड में तेज आंधी चल सकती है। 11 से 13 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-NCR में फिर से अच्छी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में 7 से 13 मई तक असम, मेघालय, अरुणाचल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बारिश और आंधी रहेगी। पूर्वी भारत में अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में लगातार बारिश-आंधी का सिलसिला चलेगा। 9 और 10 मई को पश्चिम बंगाल और झारखंड में तेज आंधी की चेतावनी दी गई है। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश में अगले 4-7 दिनों तक कई जगहों पर आंधी-बारिश और भारी बारिश की संभावना है।
तटीय इलाकों में भी बारिश के आसार हैं। Photo Credit: PTI
पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा। बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत में कई दिनों तक बारिश और आंधी रहेगी। कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। केरल और तमिलनाडु में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
गर्मी कहां बढ़ेगी?
उत्तर भारत में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी। 9 से 13 मई के बीच गुजरात और पश्चिमी राजस्थान में कुछ जगहों पर हीट वेव चल सकती है। दूसरे हफ्ते में राजस्थान, गुजरात, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्मी और बढ़ सकती है।