स्वतंत्रता दिवस पर डिस्कवरी पर 'डीक्लासिफाइड: ऑपरेशन सिंदूर' डॉक्यूमेंट्री रिलीज होगी। इसमें पिछले साल 88 घंटे तक चले ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कई जानकारियां दुनिया के सामने आएंगी। शनिवार रात 9 बजे डॉक्यूमेंट्री का प्रीमियर डिस्कवरी चैनल और उसके एप डिस्कवरी प्लस पर होगा। इसमें सेना प्रमुख, सीडीएस और देश के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी अहम जानकारी साझा करते दिखेंगे।
सोशल मीडिया पर डॉक्यूमेंट्री की क्लिप वायरल हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) ने कहा, 'हमने ऑपरेशन का मकसद दुश्मन के शिविरों को नष्ट करना तय किया था, खासकर उनको जो पहलगाम हमले के लिए जिम्मेदार थे।' उन्होंने आगे कहा, 'दुनिया के लिए संदेश बेहद साफ है। भारत की उदारता या सहनशीलता को उसकी कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। भारत जोखिम उठा सकता है। भारत कड़ा प्रहार कर सकता है, चाहे नतीजे कुछ भी हों।'
यह भी पढ़ें: 'इमरान खान नहीं रहे', पत्रकार के दावे पर पाकिस्तान में बवाल, सेना ने क्या बताया?
हमले के बाद पीएम मोदी ने डोभाल से क्या पूछा?
इस डॉक्यूमेंट्री में अजीत डोभाल सैन्य कार्रवाई से जुड़े फैसले के बारे में बताते हैं। बता दें कि जब पहलगाम हमला हुआ था, उस वक्त पीएम मोदी सऊदी अरब की यात्रा पर थे। उन्हें तुरंत वतन लौटना पड़ा था। डॉक्यूमेंट्री में एनएसए अजीत डोभाल बताते हैं, 'प्रधानमंत्री वापस लौटे। विदेश सचिव उन्हें लेने आए थे। इसके बाद उन्होंने एक मीटिंग बुलाई। सबसे पहले वे सभी तथ्य जानना चाहते थे। फिर मुझसे उनका पहला सवाल था कि यह किसने किया है? इसके लिए कौन जिम्मेदार है? उन्होंने बिल्कुल साफ कर दिया कि दोषी कौन हैं।'
दोषियों को हम माफ नहीं करेंगे: डोभाल
डोभाल आगे कहते हैं कि हमारी इंटेलिजेंस एजेंसियों का शुक्रिया, मुझे लगता है कि उन्होंने बहुत बढ़िया काम किया। और बहुत कम समय में हम किसी नतीजे पर पहुंच पाए। एक अन्य वीडियो में एनएसए कहते हैं कि भारत दोषियों का पीछा करने के लिए तैयार है, चाहे वे कहीं भी हों। हम उनका पीछा करेंगे। चाहे वे धरती पर हों, आकाश में या नरक में हों। वे कहीं भी हों, हम उन्हें माफ नहीं करेंगे।
यह भी पढ़ें: 'मुझे बहुत अच्छा लगा', रैंप पर उतरी पूर्व नक्सल महिला ने क्या बताया?
9 आतंकी ठिकानों पर भारत ने की थी बमबारी
पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने 25 हिंदुओं समेत 26 लोगों की गोली मारकर हत्या की थी। हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइलों से हमला किया था। चार दिनों तक चले अभियान के बाद पाकिस्तान के अनुरोध पर 10 मई को भारत ने सीजफायर पर सहमति जताई थी।