कभी सोचा है कि देश में लोग किस तरह की यात्राएं कर रहे हैं, सबसे ज्यादा पैसा कहां खर्च कर रहे हैं, कहां ठहरते हैं और कौन से राज्यों में लोग ज्यादा ठहरना पसंद करते हैं? अगर नहीं पता है तो सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) ने डोमेस्टिक टूरिज्म एक्सपेंडीचर सर्वे 2026 के आंकड़े अब जारी कर दिए हैं।
नेशनल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस (NSO) की ओर से जारी आंकड़ों में घरेलू पर्यटन पर भारतीयों के खर्च से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक किए गए हैं। सर्वे में यह पता चला है कि भारतीय परिवार यात्रा के दौरान कहां ठहरते हैं, किस मकसद से सफर करते हैं और किस चीज पर सबसे ज्यादा पैसा खर्च करते हैं।
यह भी पढ़ें: घूमने पर नहीं, इलाज पर ज्यादा खर्च, मेडिकल ट्रिप जेब पर कैसे भारी पड़ रही हैं?
कहां ठहरते हैं भारतीय?
ग्रामीण और शहरी दोनों तरह के परिवार यात्रा के दौरान सबसे ज्यादा अपने दोस्तों या रिश्तेदारों के घरों में ठहरते है। राज्य के भीतर और बाहर से आने वाले कुल यात्रियों से जुड़े आंकड़ों की तुलना करें तो लोग उत्तर प्रदेश की यात्रा खूब करते हैं। कुल यात्राओं का करीब 15.5 प्रतिशत यात्राएं, यूपी में हुईं हैं।
किस राज्य में खूब हो रहीं यात्राएं?
यूपी के बाद बिहार में भी लोगों ने खूब यात्राएं कीं। कुल यात्रा का 10.5 फीसदी हिस्सा, बिहार से आया। तीसरे नंबर पर तमिलनाडु है, जहां कुल 9.6 प्रतिशत यात्राएं दर्ज की गईं। बीते 30 दिनों में पूरी हुई यात्राओं में बिजनेस मकसद से हुई ट्रिप पर सबसे ज्यादा पैसा खर्च हुआ। ग्रामीण परिवारों ने एक बिजनेस ट्रिप पर औसतन 5,179 रुपये और शहरी परिवारों ने 6,934 रुपये खर्च किए।
यह भी पढ़ें: पहाड़ी और जनजातीय महिलाएं ज्यादा कर रहीं काम, दिल्ली-बिहार वाली पीछे क्यों?

किस तरह की यात्राएं करते हैं भारतीय?
डोमेस्टिक टूरिज्म एक्सपेंडीचर सर्वे 2026 के मुताबिक ग्रामीण इलाकों में 65.1 प्रतिशत परिवारों और शहरी इलाकों में 46.2 प्रतिशत परिवारों ने बीते 30 दिनों में कम से कम एक, एक दिवसीय यात्राएं कीं। यह आंकड़ा 2014-15 के मुकाबले बढ़ा है। सााल 2014 में यह दर 57.1 प्रतिशत और 2015 में 40.6 प्रतिशत थी। एक दिन की यात्राओं में सबसे ज्यादा सामाजिक मकसद से यात्राएं की गईं। ग्रामीण इलाकों में 32 प्रतिशत और शहरी इलाकों में 37 प्रतिशत लोगों ने इस मकसद के साथ यात्राएं कीं। इसके बाद खरीदारी के लिए लोगों ने यात्राएं कीं। ग्रामीण इलाकों में यह आंकड़ा 29 प्रतिशत रहा और शहरी इलाकों में यह आंकड़ा करीब 17 प्रतिशत रहा।
यह भी पढ़ें: किस जिले में है सबसे ज्यादा बेरोजगारी, कहां खूब काम? NSO के आंकड़े देखिए
शॉपिंग पर होता है सबसे ज्यादा खर्च
एक दिवसीय यात्राएं, सबसे ज्यादा लोग खरीदारी के लिए करते हैं। इसके बाद हेल्थ और मेडिकल ट्रिप का नंबर आता है। ग्रामीण परिवारों ने अपनी एक दिवसीय यात्राओं पर हुए खर्च का 51 प्रतिशत हिस्सा और शहरी परिवारों ने 41 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ शॉपिंग पर खर्च किया।

सर्वे के लिए 2,46,113 परिवारों से क्या गया है संपर्क
यह सर्वे पूरे भारत में कराया गया है। सिर्फ अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के उन गांवों को छोड़ा गया है, जहां साल के किसी भी महीने में पहुंचना मुश्किल होता है। देशभर में 24,778 फर्स्ट स्टेज यूनिट का सर्वे किया गया, जिनमें 14,371 ग्रामीण और 10,407 शहरी इलाके शामिल थे। डोमेस्टिक टूरिज्म एक्सपेंडीचर सर्वे 2026 को कुल 2,46,113 परिवारों से आंकड़े जुटाकर तैयार किया गया है, जिनमें 1,42,603 ग्रामीण और 1,03,510 शहरी परिवार शामिल थे।