दिल्ली विश्वविद्यालय की दो छात्राओं का पीछा करने और यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। घटना उत्तरी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके की है। यहां स्थित हकीकत पार्क के पास एसयूवी सवार चार युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। दिल्ली पुलिस ने मामला दर्जकर लिया है।
हिंदुस्तान टाइम्स ने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के हवाले बताया कि विवाद के दौरान युवकों ने छात्राओं को गालियां दीं। उनके साथ अभद्रता की। पीछा किया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक पीड़ित छात्राएं दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: 'मुंह नुचुआ’ तो सुना था अब ‘चुनाव मुचुआ', अखिलेश का CEC ज्ञानेश कुमार पर हमला
गाड़ी और चालक की पहचान हुई: दिल्ली पुलिस
डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि दो युवतियां हकीकत पार्क के पास पैदल जा रही थीं। तभी टाटा सफारी सवार युवक पहुंचे। गाड़ी को रास्ता देने को लेकर उनकी युवतियों से कहासुनी होने लगी। घटना रात साढ़े नौ बजे के आसपास की है। एक छात्रा ने मुखर्जी नगर थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। चारों आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी तलाश में टीमें छापेमारी कर रही हैं। डीसीपी ने आगे बताया कि गाड़ी नमन चला रहा था। उसके साथ दो-तीन अन्य लोग भी थे।
यह भी पढ़ें: ईंट लेकर पीछे दौड़ा, बेटे की पिटाई के बाद हेडमास्टर से जमकर हुई गाली-गलौज
दो दिन पहले हुई गैंगरेप की घटना
दो दिन पहले ही दक्षिण दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप को अंजाम दिया गया। तीन आरोपियों ने बंदूक के बल पर वारदात की। जानकारी के मुताबिक लड़की अपने जन्मदिन पर अपने एक दोस्त के साथ पार्क में आई थी। तभी आरोपियों ने पुलिस बनकर उसके दोस्त को धमाकाया और बंदूक दिखाकर गैंगरेप को अंजाम दिया। दो दिन बाद डीयू की दो छात्रों के साथ गाली-गलौज और यौन उत्पीड़न की घटना कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ी करती है।