समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद
अखिलेश यादव
ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए बिना नाम लिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा तंज कसा है। उनका यह पोस्ट हाल ही में आई एक रिपोर्ट में ज्ञानेश कुमार पर लगे गंभीर आरोपों के बाद सामने आया है। इससे पहले भी अखिलेश यादव मीडिया से बातचीत करते हुए ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग पर कई गंभीर आरोप लगा चुके हैं। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, ''मुंह नुचुआ' तो सुना था अब ‘चुनाव मुचुआ’ आ गए हैं। अब एक देश का एक मत, भ्रष्ट ‘मुचुआ’ दें त्यागपत्र!बाकी मतलब समझने के लिए Gen-Z और जागरूक हो चुकी जनता बहुत समझदार है।'
अखिलेश यादव का यह ट्वीट भी चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर सीधा हमला है। अखिलेश यादव ने मीडिया रिपोर्ट में किए गए दावों का जिक्र करते हुए कल कहा था कि 10 महीनों में 14 बार कई अधिकारियों ने अपनी आपत्ति दर्ज करवाई। चुनाव आयोग किसके खिलाफ अपना काम कर रहा था? इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो निष्पक्ष संस्था है वो भी निष्पक्ष नहीं रही।
यह भी पढ़ें: ग्रीन एनर्जी का साइड इफेक्ट, क्या आपकी जेब पर भारी पड़ेगा कम चलता कोयला प्लांट?
अखिलेश के पोस्ट का अर्थ क्या?
अखिलेश यादव ने इस पोस्ट में ‘मुंह नुचुआ’ शब्द का इस्तेमाल किया है। इस शब्द का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश और बिहार में 1990 और 2000 के दशक के दौरान फैली एक अफवाह के संदर्भ में किया जाता था। उस दौर में लोगों के बीच ऐसी दहशत थी कि कोई अज्ञात व्यक्ति रात में लोगों का चेहरा नोच लेता है। इसी पुराने संदर्भ का इस्तेमाल करते हुए अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में ‘चुनाव मुचुआ’ शब्द का इस्तेमाल किया है, जो सीधे तौर पर चुनाव आयोग पर हमला है।
अखिलेश लगा रहे गंभीर आरोप
अखिलेश यादव लगातार चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'जब चुनाव आयोग के अधिकारी इस तरह से काम करते हैं और महज 10 महीनों में 14 मौकों पर आधिकारिक नोट्स के जरिए मुद्दे उठाए जाते हैं, तो कोई केवल अंदाजा ही लगा सकता है कि चुनाव आयोग किसके पक्ष में काम कर रहा था। यह हमारे लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक है। यह उसे कमजोर करने का प्रयास है।'
अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 में चुनाव बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी के मतदाताओं को चुन-चुन कर हटाया गया था। अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर उपचुनावों में भी बड़े पैमाने पर बेईमानी के आरोप लगाए हैं। अखिलेश यादव ने यूपी में हो रही
SIR
प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि समाजवादी पार्टी के वोट काटे जा रहे हैं।