दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार दुलकर सलमान इन दिनों कस्टम विभाग के अधिकारियों के निशाने पर हैं। उनकी एक लग्जरी कार कस्टम विभाग के अधिकारियों ने जब्त की थी। अब दुलकर सलमान ने कस्टम विभाग के इस फैसले को केरल हाई कोर्ट में चुनौती दी है। अधिकारियों को शक है कि दुलकर सलमान ने टैक्स चोरी की है, उन्होंने फर्जी तरीके से गाड़ी हासिल की है।
कोच्चि के एलमकुलम में दुलकर सलमान के घर से एक लैंड रोवर कार जब्त की गई थी। कस्टम विभाग के अधिकारियों को शक है कि यह कार, भूटान से भारत लाई गई थी। कार को लाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया गया था। फर्जी दस्तावेजों के जरिए देश में लाई गई लग्जरी सेकेंड कारों के खिलाफ कस्टम विभाग सख्ती बरत रहा है।
दुलकर सलमान ने कोर्ट में दावा किया था कि यह कार उन्होंने इंडियन रेड क्रॉस से खरीदी थी, न कि टैक्स चोरी करके भूटान से अवैध दस्तावेजों के सहारे मंगाई थी। कस्टम विभाग के अधिकारियों के इस ऐक्शन के खिलाफ दुलकर सलमान ने अब कोर्ट का रुख कर लिया है।
यह भी पढ़ें: समीर वानखेड़े, आर्यन खान और बैड्स ऑफ बॉलीवुड का लफड़ा क्या है?
क्यों उद्योगपतियों और बड़ी हस्तियों के घर पड़ी रेड?
23 सितंबर को कस्टम विभाग की प्रिवेंटिव विंग ने केरल में बड़ी पैमाने पर अभिनेताओं और उद्योगपतियों के घरों पर छापेमारी की थी। कस्टम विभाग ने इस ऑपरेशन का नाम 'नुमखोर' रखा था। भूटानी भाषा में इस शब्द का मतलब गाड़ी होता है।
किन अभिनेताओं के घर रेड पड़ी?
दुलकर सलमान और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे दिग्गज अभिनेताओं के घर प्रिवेंटिव विंग के अधिकारी पहुंचे थे। उनके घरों पर छापेमारी की गई। कस्टम विभाग ने अब तक भूटान से अवैध रूप से भारत आई 38 महंगी गाड़ियां जब्त कीं हैं। ये कारें बेहद महंगी हैं और सेकेंड हैंड हैं।
यह भी पढ़ें: सच या मनगढ़ंत, दर्शकों को कैसी लगी 'द बैड्स ऑफ बॉलीवुड' की दुनिया?
किन विभागों ने डाली है रेड?
कस्टम विभाग के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट विभाग, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड और केरल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह जब्ती की गई है। भारतीय कानून में विदेश से सेकेंड हैंड कारों का आयात प्रतिबंधित है। सेकेंड हैंड कारों का ट्रांसफर ऑफ रेजिडेंस कराया जा सकता है।
कब विदेश से मंगाई जा सकती हैं सेकेंड हैंड गाड़ियां?
ट्रांसफर ऑफ रेजिडेंस (TR) के प्रावधानों के मुताबिक अगर गाड़ी 3 साल या उससे ज्यादा पुरानी है तो ऐसी गाड़ियों को 160% शुल्क के साथ आयात और रजिस्टर किया जा सकता है। हाल के दिनों में भूटान से सेकेंड हैंड कारों की ऐसी तस्करी बढ़ी है।
सितारों ने इस रेड पर क्या कहा है?
फिल्म अभिनेता अमित चक्कलक्कल के घर पर भी रेड पड़ी थी। उन्होंने कहा, 'अब तक जब्त की गई गाड़ियों में से केवल एक कार मेरी है। मेरी 20 साल पुरानी सेकेंड हैंड लैंड क्रूजर ही इकलौती कार है, जो जब्त की गई है। यह गाड़ी वह 5 साल से इस्तेमाल कर रहे हैं।'
उन्होंने कहा, 'मेरे घर और वर्कशॉप से जब्त की गई बाकी सभी लक्जरी कारें दूसरों की हैं, जिन्हें उन्होंने मेरे पास रिन्यू या रिपेयरिंग के लिए भेजा था। कुल सात जब्त की गई कारों में से केवल एक मेरी है। मैंने जरूरी दस्तावेज दे दिए हैं। अब जांच की जिम्मेदारी उनकी है।'
यह भी पढ़ें: भारत कैसे भाषा पर लड़ने लगा? पढ़ें हिंदी विरोध की पूरी कहानी
कैसे भारत में लाई जा रही हैं कारें?
भूटान से भारत में लग्जरी सेकंड-हैंड कारें तस्करी के जरिए आ रहीं हैं। कोयंबटूर में कुछ रैकेट काम कर रहे हैं जो भूटान में सस्ते दामों पर नीलामी से कारें खरीद रहे हैं। इन कारों में मर्सिडीज, BMW और पोर्शे जैसी कारें हैं। उन्हें वहां से खरीदकर भारत लाया जा रहा है। इन कारों को भारत-भूटान की खुली सीमा के जरिए लाया जा रहा है। (जैसे जयगांव और फुंटशोलिंग के जरिए सबसे ज्यादा कारें आ रही हैं।
फर्जी दस्तावेजों के सहारे वैध कारों की तरह भूटान से कारों की तस्करी हो रही है। कई गाड़ियों को भारतीय सेना या दूतावास की फर्जी मुहरों के जरिए वैध बनाया जा रहा है, फिर उन्हें लाया जाता है। ये कारें केरल और पूर्वोत्तर के राज्यों में धड़ल्ले से बिक जाती हैं। इन्हें सस्ते दामों में ही लोग खरीद लेते हैं। फर्जी रजिस्ट्रेशन और परिवहन पोर्टल का भी दुरुपयोग हो रहा है।
अब आगे क्या होगा?
भूटान से लग्जरी कारों की तस्करी को लेकर अब कस्टम विभाग सख्ती बरत रहा है। आने वाले दिनों में केंद्रीय एजेंसियां, अपनी जांच तेज कर सकती हैं। कस्टम विभाग के मुताबिक सेना और अमेरिकी दूतावास के जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया है। राज्य में भूटान से आई कारों की तलाशी की जा रही है। इन कारों को अवैध रूप से भारत लाया गया और बेचा गया है। इन कारों का इस्तेमाल सोने और ड्रग की तस्करी के लिए भी हो रहा है। इस संबंध में कई मामले दर्ज किए गए हैं। शुरुआती जांच में इनकम टैक्स, जीएसटी की चोरी और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले भी सामने आए हैं। अब इस मामले में आतंकी एंगल से भी जांच हो रही है।