चुनाव आयोग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल की खाली विधानसभा सीटों और असम की एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 9 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। सोमवार को यह शेड्यूल जारी हुआ है। इन चुनावों के लिए औपचारिक गजट नोटिफिकेशन 9 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी।
नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर तय की गई है जबकि नामांकन पत्रों की जांच 17 सितंबर को होगी। उम्मीदवार 19 सितंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। इन सीटों पर कई दिग्गजों की साख दांव पर लगी हुई है।
यह भी पढ़ें: मंत्रिमंडल में फेरबदल से पहले बड़ा बदलाव, LG बन गए पूर्व डिप्टी CM दिनेश शर्मा
कब होगी वोटिंग और कब आएंगे नतीजे?
चुनाव आयोग के मुताबिक 6 अक्टूबर मंगलवार को वोटिंग होगी और 9 अक्टूबर शुक्रवार को वोटों की गिनती की जाएगी। आयोग ने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर 2026 से पहले पूरी कर ली जाएगी।
सभी सीटों की आ चुकी है अंतिम वोटर लिस्ट
चुनाव से पहले आयोग ने संबंधित सीटों की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने का कार्यक्रम भी जारी किया था। असम की नगांव लोकसभा सीट की अंतिम मतदाता सूची 10 फरवरी को प्रकाशित हुई थी जबकि पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट की सूची 14 फरवरी को जारी हुई थी।
तमिलनाडु में मदुरांतकम (SC) और धारापुरम (SC) विधानसभा सीटों की अंतिम मतदाता सूची 23 फरवरी को जारी की गई थी। वहीं पश्चिम बंगाल की रेजिनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों की सूची व्यापक संशोधन अभियान के बाद 28 फरवरी को अंतिम रूप दी गई थी।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार चुनावी दांव? आउटसोर्स कर्मचारियों की सैलरी 7 हजार बढ़ी
किन सीटों पर क्यों हो रहे हैं उपचुनाव?
इन सभी सीटों पर मौजूदा विधायकों और सांसद के इस्तीफे के बाद उपचुनाव की जरूरत पड़ी है। तमिलनाडु में मदुरांतकम (SC) सीट मरगथम कुमारवेल के इस्तीफे से और धारापुरम (SC) सीट पी सत्यभामा के इस्तीफे से खाली हुई थी।
पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी सीट एन रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। पश्चिम बंगाल में रेजिनगर सीट हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। असम में नगांव लोकसभा सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।