जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने आतंकवाद और भारत-पाकिस्तान संबंधों को लेकर एक बयान दिया है। जम्मू में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इलाके में आतंकवाद जरूर मौजूद है लेकिन हमें इससे डरने या घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने पाकिस्तान को नसीहत भी दी कि वह आतंकवाद का रास्ता छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाएं।
कश्मीर की स्थिति पर अपना रुख साफ करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने जोर देकर कहा कि कश्मीर भारत का हिस्सा था, आज भी है और हमेशा भारत का ही हिस्सा रहेगा। उनके इस बयान को सीमा पार से होने वाली गतिविधियों और बयानबाजी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: '25 को आइए', अनंत सिंह ने खेसारी लाल को वीडियो कॉल कर बेटी की शादी में बुलाया
पाकिस्तान को आतंकवाद खत्म करने की नसीहत
अपने बयान में नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख ने पड़ोसी देश पाकिस्तान को भी सीधा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा से पाकिस्तान से यही कहते आए हैं कि उसे आतंकवाद को पूरी तरह खत्म करना चाहिए। उन्होंने कहा, 'आतंकवाद है लेकिन इससे हमें घबराना नहीं है। कश्मीर भारत का है, था और रहेगा। मैंने बारामूला को लोगों को कहा कि वह अपना इतिहास बच्चों को बताए। मैंने हमेशा पाकिस्तान से कहा है। आतंकवाद को खत्म करो। आतंकवाद से कुछ हासिल नहीं होगा। बातचीत का रास्ता चुनें। यही एकमात्र तरीका है जिससे कोई समाधान निकल सकता है। हम कभी एक ही देश का हिस्सा थे।'
फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान को नसीहत दी कि आतंकवाद के रास्ते पर चलकर किसी को कुछ भी हासिल नहीं होने वाला है। साथ ही उन्होंने कश्मीर के लोगों को भी सलाह दी कि वह अपने बच्चों को यहां के इतिहास के बारे में जरूर बताए नहीं तो गलत जानकारी की वजह से वह भटक जाते हैं।
SAARC को फिर से शुरू करने पर जोर
क्षेत्रीय सहयोग और शांति की वकालत करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन यानी SAARC को दोबारा जिंदा करने की बात कही। उनका मानना है कि सार्क मंच के फिर से सक्रिय होने से क्षेत्र के सभी देश एक साथ बैठ सकेंगे। उन्होंने कहा, 'हमें SAARC को फिर से सक्रिय करना चाहिए ताकि हम सब एक साथ बैठ सकें, अपने मुद्दों को सुलझा सकें और तरक्की की ओर बढ़ सके।'
यह भी पढ़ें: '7 करोड़ दो वरना तुम्हारी बेटी को मार दूंगा', लॉरेंस गैंग की केजरीवाल को धमकी
उन्होंने कहा कि आपसी बातचीत से ही पुराने मसलों को सुलझाया जा सकता है और पूरे क्षेत्र को तरक्की व खुशहाली के रास्ते पर आगे ले जाया जा सकता है।