logo

मूड

ट्रेंडिंग:

असम से लेकर गुजरात तक तबाही, बाढ़ के कारण अब तक कितनी मौतें? जानिए हालात

देशभर में बारिश का दौर जारी है लेकिन असम और गुजरात समेत कुछ राज्यों में बारिश ने तबाही मचा दी है। असम और गुजरात में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है और बचाव कार्य जारी है।

Flood

बाढ़ के दौरान, Photo Credit: ANI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। सबसे ज्यादा खराब स्थिति असम में बनी हुई है, जहां बाढ़ ने लाखों लोगों की जिंदगी प्रभावित कर दी है। असम में पिछले कई दिनों से लगातार जारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। इसके कारण अब तक लाखों लोग प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी लगातार बारिश से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में भी कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

 

असम में बाढ़ का संकट अभी भी पूरी तरह टला नहीं है। राज्य में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 66 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 6 लाख से अधिक लोग बाढ़ के कारण प्रभावित हैं, जबकि सैकड़ों गांव अब भी पानी से घिरे हुए हैं। कई परिवार राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर कई इलाकों में ऊंचा बना हुआ है, जिससे निचले क्षेत्रों में पानी भरा हुआ है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

 

यह भी पढ़ें: पैंट में पेशाब करने की सजा, शिक्षिका ने छह साल के मासूम को गर्म चाकू से दागा

पीएम ने ली जानकारी

असम में बाढ़ के कारण स्थिति काफी खराब हो चुकी है और प्रशासन भी इसको लेकर सतर्क है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बातचीत कर बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। राज्य सरकार भी प्रभावित जिलों में राहत सामग्री पहुंचाने और विस्थापित लोगों की मदद में जुटी हुई है।

गुजरात में तबाही

असम के अलावा गुजरात में भी भारी बारिश के कारण तबाही जारी है। बारिश के कारण प्रभावित हुए लोगों को राहत देने के लिए सेना ने मोर्चा संभाल रखा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तब मॉनसून की घटनाओं के कारण 35 लोगों की मौत हो चुकी है और इसमें सबसे ज्यादा 29 मौतें सबसे अधिक प्रभावित वलसाड और नवसारी जिलों में हुई हैं। पिछले तीन दिनों से सेना के जवान एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश में बारिश से जनजीवन प्रभावित

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। जगह-जगह सड़कें बंद होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में मानसून के दौरान बारिश से जुड़ी घटनाओं में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। लाहौल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी के धांधल नाला क्षेत्र में शनिवार रात बादल फट गया। इसके चलते पहाड़ी नाले में अचानक उफान आ गया, जिसने एक पुल और सड़क को बहा दिया। इस घटना के बाद मयाड़ घाटी के सात गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, राज्यभर में अनेक सड़कें अब भी बाधित हैं और उन्हें खोलने का काम जारी है।

उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भी असर

उत्तराखंड के कई जिलों में लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कुछ स्थानों पर सड़क संपर्क प्रभावित होने की खबरें हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर में भी लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है।

पूर्वोत्तर में परेशानी

असम के अलावा अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी लगातार बारिश का असर देखने को मिल रहा है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून अभी सक्रिय बना रहेगा, जिससे अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है।

 

यह भी पढ़ें: आंधी-तूफान और भारी बारिश, इस हफ्ते मॉनसून दिखाएगा रंग, IMD ने जारी किया अलर्ट

अगले कुछ दिन भी राहत के आसार नहीं

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मॉनसून सक्रिय रहेगा। असम, मेघालय, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में जिन इलाकों में पहले से जलभराव या बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, वहां लोगों की मुश्किलें अभी और बढ़ सकती हैं।त


और पढ़ें