90 प्रतिशत सरकारी फंड पर निर्भर ग्राम पंचायतें, अपनी कमाई सिर्फ 10 फीसदी
ग्राम पंचायतों को मिलने वाले कुल पैसे में करीब 90 फीसदी हिस्सा केंद्र और राज्य सरकारों से आता है। वहीं, पंचायतें अपनी कमाई से सिर्फ 10 फीसदी पैसा ही जुटा पाती हैं। पढ़ें रिपोर्ट

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit-ChatGPT
गांव के विकास की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों के कंधों पर होती है। सड़क बनवाने से लेकर पानी और सफाई की व्यवस्था तक के सारे जरूरी काम पंचायतों को ही संभालने होते हैं, जिसके लिए फंड की जरूरत होती है। 19 नवंबर को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 'फाइनेंसेज ऑफ पंचायती राज इंस्टीट्यूशंस' नाम से अपनी दूसरी द्विवार्षिक रिपोर्ट जारी की। इस रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राम पंचायतों को मिलने वाले कुल पैसे में करीब 90 फीसदी हिस्सा केंद्र और राज्य सरकारों से आता है। वहीं, पंचायतें अपनी कमाई से सिर्फ 10 फीसदी पैसा ही जुटा पाती हैं।
इसका सीधा सा मतलब है कि गांव में सड़क बनवानी हो, पानी की व्यवस्था करनी हो या सफाई का काम कराना हो, ऐसे जरूरी कामों के लिए पंचायतों को काफी हद तक सरकार से मिलने वाले पैसे पर निर्भर रहना पड़ता है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की रिपोर्ट के मुताबिक, 2022-23 और 2023-24 के दौरान ग्राम पंचायतों का फाइनेंस मज़बूत हुआ है लेकिन सभी गांवों की पंचायतों की हालत एक जैसी नहीं है।
यह भी पढ़ें: अंजलि अरोड़ा की भाभी ने परिवार पर लगाया घरेलू हिंसा का आरोप, पति को बताया अय्याश
क्या बताते हैं आंकड़े?
RBI की रिपोर्ट में 2022-23 से 2024-25 तक 2.25 लाख ग्राम पंचायतों की आर्थिक स्थिति का अध्ययन किया गया है। स्टडी के आंकड़ों से पता चलता है कि पंचायतें अपनी जरूरतों के लिए ज्यादातर सरकारी पैसे पर निर्भर हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 में पंचायतों को 48,625 करोड़ मिला, इसमें से 46,368 खर्च किए गए। इसी क्रम में 2023-24 में 52,014 करोड़ मिला और 48,794 करोड़ खर्च हुए। 2024-25 में 43,537 करोड़ मिला और 50,457 करोड़ खर्च हुए।

आंकड़ों के मुताबिक, 2023-24 में पंचायतों को सबसे ज्यादा 52,014 करोड़ रुपये मिले। 2024-25 में घटकर 43,537 करोड़ रुपये मिले। इसी साल खर्च बढ़कर 50,457 करोड़ रुपये हो गया। यानी पंचायतों ने जितना पैसा पाया, उससे 6,920 करोड़ रुपये ज्यादा खर्च किए।
2024-25 में पंचायतों को कुल 43,537 करोड़ रुपये मिले। इसमें करीब 38,799 करोड़ रुपये सरकारी अनुदान से आए, जबकि पंचायतों ने खुद 4,738 करोड़ रुपये कमाए। ऐसे में देखा जाए तो ग्राम पंचायतों को केंद्र सरकार से62.5 फीसदी, राज्य सरकार से 24.1 फीसदी पैसा मिला। वहीं पंचायतों की अपनी कमाई 10.9 फीसदी ही रही। अन्य स्रोत लगभग 2.5 फीसदी पैसा मिला।
पंचायतें कहां खर्च कर रही हैं पैसा?
रिपोर्ट के मुताबिक, पंचायतों ने साल 2022-23 में पानी और सफाई पर 18,129 करोड़ खर्च किए, साल 2024-25 में यह खर्च 22,446 करोड़ रुपये रहा। वहीं पंचायती राज कार्यक्रम में साल 2022-23 में ₹18,668 करोड़ और 2024-25 12,983 करोड़ रुपये खर्च किए। रिपोर्ट के मुताबिक, पानी और सफाई पर खर्च 4,317 करोड़ रुपये बढ़ा। 2024-25 में पंचायतों के कुल खर्च का 44.5 फीसदी हिस्सा पानी और सफाई पर गया।
करीब 2.25 लाख ग्राम पंचायतों के आंकड़ों पर आधारित इस रिपोर्ट के मुताबिक, पंचायतों को ब्याज, लोगों से मिलने वाले शुल्क और दूसरे छोटे-मोटे स्रोतों से भी कमाई होती है। वहीं, पंचायतें सबसे ज्यादा पैसा पानी की सप्लाई और सफाई व्यवस्था पर खर्च करती हैं। कुल खर्च का करीब 40 फीसदी हिस्सा इन्हीं कामों पर लगाया गया।
हालांकि, गांवों में सड़क, बिजली, पानी और सफाई जैसी सुविधाओं में सुधार हुआ है लेकिन सभी राज्यों की पंचायतों की स्थिति एक जैसी नहीं है। कुछ राज्यों की पंचायतों के पास ज्यादा पैसा है, जबकि कुछ के पास काफी कम। आरबीआई ने पंचायतों को अपनी कमाई बढ़ाने, टैक्स की वसूली बेहतर करने और कामकाज का तरीका सुधारने की सलाह दी है।
पंचायतें की अपनी कमाई का आंकड़ा
ग्राम पंचायतों की अपनी कमाई को ओन सोर्स रेवेन्यू (OSR) कहा जाता है। इसमें पंचायतों को मिलने वाला टैक्स और गैर-टैक्स राजस्व शामिल होता है। टैक्स से होने वाली कमाई में जमीन से मिलने वाला राजस्व, संपत्ति पर टैक्स, स्टांप और रजिस्ट्रेशन फीस के साथ कुछ अन्य टैक्स शामिल हैं। वहीं, गैर-टैक्स कमाई में ब्याज से मिलने वाली रकम, यूजर चार्ज, पंचायत कार्यक्रमों से जुड़ी कुल पैसा और दूसरी गैर-टैक्स आय शामिल होती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2024-25 में पंचायतों को अपनी कमाई से 4,738 करोड़ रुपये मिले। इसमें 1,309 करोड़ रुपये टैक्स से और 3,428 करोड़ रुपये गैर-टैक्स स्रोतों से आए। इससे पता चलता है कि पंचायतों की अपनी कमाई में टैक्स की तुलना में गैर-टैक्स स्रोतों का योगदान ज्यादा है।
गांवों में सुविधाओं की स्थिति, क्या है चुनौती?
RBI की रिपोर्ट देश की करीब 94.2% ग्रामीण आबादी ऐसे स्थानों पर रहती है, जहां से दो किलोमीटर के दायरे में हर मौसम में इस्तेमाल की जा सकने वाली सड़क उपलब्ध है। इसके अलावा, ज्यादातर राज्यों में 90 फीसदी से अधिक ग्रामीण घरों तक बिजली की पहुंच है। हालांकि, गांवों में औसतन बिजली मिलने का समय राज्यों के हिसाब से करीब 18 घंटे से लेकर 24 घंटे तक है।
वहीं करीब 95 फीसदी गांवों में जमीन के रिकॉर्ड कंप्यूटराइज्ड हो चुके हैं। डिजिटल नक्शे करीब 75 फीसदी और ड्रोन सर्वे करीब 95 फीसदी गांवों में हुए हैं। हालांकि, डिजिटल प्रॉपर्टी कार्ड तैयार करने का औसत स्तर करीब 50% है। इससे जमीन और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल बनाने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है। इसके अलावा, जलापूर्ति और स्वच्छता पंचायतों के खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा हैं। इसके बावजूद राज्यों के बीच इन सुविधाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता और इस्तेमाल में अंतर बना हुआ है।
चुनौती की बात करें तो RBI की रिपोर्ट के मुताबिक, पंचायतों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी कमाई बढ़ाने और उपलब्ध पैसे का बेहतर इस्तेमाल करने की है। आंकड़ों से पता चलता है कि पंचायतों की कमाई का बड़ा हिस्सा सरकारी अनुदान से आता है। ऐसे में उनकी आर्थिक स्वतंत्रता सीमित रहती है। रिपोर्ट में संपत्ति कर, लाइसेंस फीस और यूजर चार्ज की वसूली बेहतर बनाने की जरूरत बताई गई है।
इसके अलावा, पंचायतों में कर्मचारियों की क्षमता, वित्तीय प्रबंधन, डिजिटल व्यवस्था और विकास कार्यों की निगरानी को मजबूत करना भी जरूरी है। कुछ बड़ी ग्राम पंचायतें भविष्य में टाउन पंचायत या शहरी स्थानीय निकायों में बदल सकती हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। इसके लिए पहले से वित्तीय और प्रशासनिक तैयारी करना जरूरी है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




